एचटी लाइन के तार चोरी करने वाले गिरोह के तीन शातिर चोर गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपियों ने गांव शेखूपुरा, टिटौली, गोहरनी व बनत के जंगल में दिया था तार चोरी की घटनाओं को अंजाम, कब्जे से चोरी किये गए ढाई कुंतल चोरी किया गया एचटी व एलटी लाइन के तार बरामद
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: थाना आदर्शमण्डी पुलिस ने थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यवाही करते हुए हाई टेंशन लाइनों से तार चोरी करने वाले गिरोह के तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से ग्राम टिटौली, शेखूपुरा, गोहरनी व बनत के जंगल से चोरी हुए हाई टेंशन व लो टेंशन तारों के बंडल बरामद हुए है। पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
विगत दिनों थाना आदर्शमंडी क्षेत्र के ग्राम गोहरनी, बनत, शेखूपुरा व टिटौली में हाई वोल्टेज लाइन के खंभों से तार चोरी की घटनाएं घटित हुई थी। तार चोरी की घटनाओं के सम्बन्ध में थाना आदर्शमण्डी पर अलग-अलग अभियोग दर्ज कराए गए थे। एसपी शामली ने आदर्शमण्डी थानाध्यक्ष को चोरी की घटनाओं के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में बुधवार को एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार चोरी की घटनाओं में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना आदर्शमण्डी पुलिस ने थानाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र सिंह के नेतृत्व में विद्युत खम्भों से तार चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी किये गए करीब ढाई कुंतल तार बरामद हुए है।
इनमें 02 बंडल 33 केवी तथा 04 बंडल 11 केवी के है। इसके अलावा, पुलिस ने एल्युमिनियम के कटपीस तारों से भरे प्लास्टिक के कट्टे भी पकड़े गए आरोपियों से बरामद किये है। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में अपना नाम व पता शाहरुख निवासी मोहल्ला शेखजादगान कस्बा कांधला, कसीम निवासी मोहल्ला आलखुर्द कस्बा कैराना व परवेज उर्फ सोनू निवासी मोहल्ला अंसारियान कस्बा कैराना बताए। पकड़े गए तीनों आरोपियों को पुलिस ने चालान करके जेल भेज दिया है।
शटरिंग का कार्य करने की आड़ में रेकी कर देते थे घटना अंजाम
आदर्शमण्डी थाना पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी शटरिंग का कार्य करने की आड़ में रैकी कर विद्युत तारों की चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर जनपद शामली के बनत, टिटौली, शेखूपुरा, गोहरनी, लांक व झाल तथा जनपद मुजफ्फरनगर के बुड़ीना कलां, धोलड़ी-लालूखेड़ी के जंगल समेत विभिन्न स्थानों पर रात्रि के समय हाई वोल्टेज व लो टेंशन लाइन के खंभों से तार काटकर चोरी की घटनाएं अंजाम दी थी।
इसके अलावा, सहारनपुर रोड स्थित साईधाम तिराहे से ग्राम गोहरनी जाने वाले मार्ग पर लगभग 10–12 विद्युत खंभों से तार चोरी करने की घटना भी स्वीकार की। आरोपी चोरी किए गए तार गोहरनी बाईपास पुल के नीचे रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में छिपाकर एकत्र रखते थे तथा बाद में बेच देते थे। आरोपियों ने मुजफ्फरनगर के थाना तितावी क्षेत्र में भी विद्युत तार चोरी करना स्वीकार किया गया। घटना में लिप्त अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।