समाज को एकजुट करने वाली व्यवस्था है देशखाप: जयंत चौधरी
बड़ौत में रस्म पगड़ी कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री, हवन कर दी श्रद्धांजलि
बड़ौत, सच कहूँ/डॉ संदीप दहिया। Baraut News: देशखाप चौधरी सुरेंद्र सिंह का समाज के उत्थान और जनहित में दिया गया योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। देशखाप सामाजिक परंपरा के साथ-साथ समाज की एकजुटता और शक्ति का भी प्रतीक है। यह बात केंद्रीय राज्यमंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने सोमवार को बड़ौत में दिवंगत देशखाप चौधरी सुरेंद्र सिंह के रस्म पगड़ी कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान कही। जयंत चौधरी ने चौधरी सुरेंद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के हित में काम किया और हमेशा जनहित को प्राथमिकता दी।
देशखाप ने सामाजिक परंपराओं का निर्वाह करते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाई है। ऐसी सामाजिक व्यवस्थाएं लोगों को एकजुट करने और सामूहिक हितों के लिए काम करने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने चौधरी सुरेंद्र सिंह के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के लिए किए गए उनके कार्यों को भुलाया नहीं जा सकता। जयंत चौधरी ने अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए चौधरी सुरेंद्र सिंह के पिता सुखबीर सिंह का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रस्म पगड़ी जैसे आयोजन सामाजिक परंपराओं और आपसी संबंधों को मजबूत बनाए रखने का माध्यम हैं। इस दौरान उन्होंने दिवंगत चौधरी के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
जनता वैदिक कॉलेज में हुआ हवन और श्रद्धांजलि सभा
कार्यक्रम से पहले जनता वैदिक कॉलेज के मैदान में हवन किया गया। लोगों ने हवन में आहुति देकर दिवंगत चौधरी सुरेंद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद रस्म पगड़ी और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ। इसमें बागपत सहित आसपास के क्षेत्रों और दूसरे जिलों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सभी ने दिवंगत चौधरी के सामाजिक जीवन और किसानों के हित में किए गए कार्यों को याद किया।कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, खाप चौधरी नरेश टिकैत और भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि चौधरी सुरेंद्र सिंह ने किसानों, मजदूरों और समाज के विभिन्न वर्गों के हितों के लिए काम किया। उनके निधन से समाज को बड़ी क्षति हुई है, जिसकी भरपाई करना मुश्किल है। उन्होंने शोकाकुल परिवार को हर संभव सहयोग देने की बात कही।
राकेश टिकैत ने सरकार पर साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार तानाशाह हो गई है और आने वाले समय में जनता ही सरकार का इलाज करेगी। उन्होंने गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग भी उठाई।कार्यक्रम में देशखाप की सामाजिक भूमिका, चौधरी सुरेंद्र सिंह के संघर्षपूर्ण जीवन और किसानों के हित में उनके योगदान को याद किया गया। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने दिवंगत चौधरी के प्रति समाज के सम्मान और उनके परिवार के साथ खड़े रहने की भावना को दर्शाया।