किशोरी से दुराचार का वांछित आरोपी दबोचा, जेल रवाना
किशोरी से दुष्कर्म का वांछित आरोपी दबोचा, जेल रवाना
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कोतवाली पुलिस ने नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। विगत 13 मई को क्षेत्र निवासी महिला की नाबालिग पुत्री के साथ में शारीरिक स्वायत्तता के उल्लंघन(दुष्कर्म) की घटना कारित की गई थी। घटना के सम्बन्ध में पीड़िता की माँ ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली कैराना पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया था। पुलिस अधीक्षक शामली ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को निर्देशित किया था।
इसी क्रम में मंगलवार को एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार महिलाओं के विरूद्ध अपराध की रोकथाम एवं महिला अपराधों में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने नाबालिग किशोरी की शारीरिक स्वायत्तता का उल्लंघन करने व जान से मारने की धमकी देने की घटना में वांछित चल रहे आरोपी प्रवीण उर्फ छोटू निवासी ग्राम सोहंजनी तगान थाना मंसूरपुर जनपद मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को जेल भेज दिया है।