Kartika Purnima: कार्तिक पूर्णिमा पर यमुना तट पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से गुलजार रहा कैराना का यमुना घाट, सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजामों के बीच श्रद्धा और भक्ति का दिखा संगम

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर कैराना का यमुना घाट श्रद्धा और आस्था के रंग में रंगा नजर आया। यमुना तट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र यमुना नदी में पुण्य की डुबकी लगाकर धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। घाट पर सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश और अन्य मूलभूत सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने यमुना घाट पर पहुंचकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के अवसर पर यमुना घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। स्नान के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने यमुना नदी में आस्था की डुबकी लगाई। घाट पर उमड़ी भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार सक्रिय रहे। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और सुरक्षित स्नान को लेकर प्रशासनिक अधिकारी भी व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।

एसडीएम ने कराए सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम

उपजिलाधिकारी शिवाजी यादव के निर्देशन में स्नान पर्व को लेकर व्यापक तैयारियां कराई गईं। श्रद्धालुओं को सुरक्षित दायरे में स्नान कराने के लिए यमुना नदी में बैरिकेडिंग कराई गई। घाट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाए गए। निगरानी एवं विभागीय समन्वय के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया, जबकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए एंबुलेंस और स्वास्थ्यकर्मियों की व्यवस्था की गई। घाट परिसर तथा आसपास साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा गया।

एएसपी ने परखी व्यवस्था, पुलिसकर्मियों को दिए निर्देश

पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने यमुना घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों से सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली तथा भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। एएसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पूरी सतर्कता से ड्यूटी करें। आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी भी बनाए रखने को कहा।

12 गोताखोर तैनात, स्टीमर से होती रही गश्त

नदी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्टीमर के माध्यम से लगातार गश्त और निगरानी की गई। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए 12 गोताखोर तैनात किए गए। इसके अलावा स्थानीय पुलिस के साथ पीएसी और अन्य थानों से बुलाया गया अतिरिक्त पुलिस बल भी मुस्तैद रहा। घाट से लेकर आवागमन के रास्तों तक पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी रहे मुस्तैद

इस दौरान एसडीएम शिवाजी यादव, तहसीलदार अमन सिंह, नायब तहसीलदार आकाश चौधरी, सीओ हेमंत कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार, यमुना ब्रिज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार सहित महिला निरीक्षक, उपनिरीक्षक, कांस्टेबल, कानूनगो, लेखपाल और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे। शामली पुलिस के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा स्नान कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हुआ।

Kairana News (2)

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts