MSG Bhandara 2026: सरसा में MSG महोत्सव भंडारे की धूम, गुरु संदेश सुनकर खुशी से झूमी साध-संगत

मानवता भलाई के कार्यों से बांटी खुशियां

Published On

सरसा, 24 नवम्बर (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। डेरा सच्चा सौदा के संस्थापक बेपरवाह साईं शाह मस्ताना जी महाराज का 135वां पावन अवतार दिवस मंगलवार को एमएसजी अवतार महोत्सव भंडारे के रूप में श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर शाह सतनाम-शाह मस्ताना जी धाम डेरा सच्चा सौदा सरसा में देश-विदेश से बड़ी तादाद में साध-संगत पहुंची। गुरु भक्ति के रंग में रंगे श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव से पावन भंडारे में शिरकत की।

इस दौरान जहां भजनवाणी के माध्यम से गुरु महिमा का गुणगान हुआ, वहीं मानवता भलाई कार्यों के जरिए जरूरतमंदों की मदद कर खुशियां साझा की गईं। इस पावन अवसर पर पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां ने साध-संगत के नाम अपना पावन संदेश भेजा, जिसे उपस्थित साध-संगत को पढ़कर सुनाया गया। संदेश में पूज्य गुरु जी ने फरमाया कि मालिक सबको तंदरुस्ती और ताजगी दें। सबकी जायज मांग मालिक जल्द से जल्द पूरी कर घरों में खुशियां व बरकत दे। पूज्य गुरु जी ने पावन भंडारे की लाखों करोड़ों बार बधाई देते हुए साध-संगत को आशीर्वाद दिया। पूज्य गुरु जी का संदेश सुनकर साध-संगत में खुशी की लहर दौड़ गई। इसके पश्चात सभी ने ‘धन-धन सतगुरु तेरा ही आसरा’ का इलाही नारा लगाकर पूज्य गुरु जी को पावन एमएसजी अवतार दिवस की बधाई दी।

भंडारे की खुशी में डेरा सच्चा सौदा की क्लाथ बैंक मुहिम के तहत 135 जरूरतमंदों को सर्दी से बचाव के लिए कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी और उन्होंने इस नेक कार्य के लिए डेरा सच्चा सौदा का आभार जताया।

अवतार दिवस पर चिकित्सा शिविर और रक्तदान सहित हुए सेवा कार्य

वहीं शाह सतनाम जी स्पेशलिटी अस्पताल में नि:शुल्क जन कल्याण परमार्थी चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें हृदय रोग सहित विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। शिविर में 1509.मरीजों का फ्री चैकअप और दवाइयां भी नि:शुल्क वितरित की गईं। वहीं सैंकड़ों डेरा सच्चा सौदा के श्रद्धालुओं ने रक्तदान किया। 

Ration-Donation

Donner

Checkup

CheckupCheckup-2

पावन भंडारे का शुभारंभ सुबह 11 बजे ‘धन-धन सतगुरु तेरा ही आसरा’ का इलाही नारा लगाकर किया गया। इसके पश्चात भजनवाणी के माध्यम से गुरु महिमा का गुणगान हुआ। इस अवसर पर पूज्य गुरु जी ने सर्वप्रथम बेपरवाह सच्चे दाता रहबर साईं शाह मस्ताना जी महाराज के पावन एमएसजी अवतार दिवस की अरबों-खरबों बार बधाई दी। पूज्य गुरु जी ने सभी के लिए खुशियों की कामना करते हुए फरमाया कि मालिक सबके जन्मों-जन्मों के कर्म काटें और संचित कर्मों को भी हलका करें। इसके लिए साईं जी के पावन चरणों में प्रार्थना की। साथ ही पूज्य गुरु जी ने श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश दिवस गुरुपर्व की भी साध-संगत को बधाई दी।

बचपन से ही जरूरतमंदों की मदद और सेवा का भाव था शाह मस्ताना जी महाराज में

पूज्य गुरु जी ने फरमाया कि सच्चा सौदा की शुरूआत कैसे हुई और इसके संस्थापक साईं शाह मस्ताना जी महाराज का पावन जीवन किस तरह मानवता की सेवा और परमात्मा की तलाश को समर्पित रहा। साईं शाह मस्ताना जी महाराज का अवतार बिलोचिस्तान के गांव कोटड़ा, तहसील गंधेय में माता तुलसा बाई जी और पिता पिल्ला मल जी के घर हुआ। बचपन से ही उनके व्यक्तित्व में ऐसे गुण दिखाई देने लगे थे, जो उन्हें दूसरों से अलग बनाते थे।

पूज्य गुरु जी ने बचपन का एक प्रसंग सुनाते हुए फरमाया कि एक बार माता जी ने साईं शाह मस्ताना जी महाराज को दुकान पर बेचने के लिए मावे की बर्फी दी। रास्ते में कुछ फकीर मिल गए। उन्होंने साईं जी से पूछा कि क्या लेकर जा रहे हो? साईं जी ने बताया कि बर्फी लेकर जा रहे हैं। इस पर फकीरों ने कहा कि वे काफी देर से भूखे हैं। उनकी बात सुनकर साईं जी ने पूरी मिठाई उन्हें दे दी। फकीर मिठाई पाकर बहुत खुश हुए और उन्होंने साईं जी को दुआएं दीं। मिठाई फकीरों को देने के बाद साईं जी सोचने लगे कि अब माता जी को क्या जवाब देंगे।

माता जी पूछेंगी कि बर्फी कितने में बिकी और कितने पैसे मिले? इसी सोच के साथ साईं जी पास के एक किसान के खेत में पहुंच गए और उससे दिहाड़ी मजदूरी के लिए कहने लगे। किसान ने उनकी कम उम्र देखकर कहा कि बेटा, अभी तुम बहुत छोटे हो, यह काम कैसे कर पाओगे? लेकिन साईं जी ने काम करने की जिद्द की और कहा कि बड़े लोग जो काम करते हैं, वह भी कर लेंगे। किसान ने उन्हें काम दे दिया। साईं जी ने पूरे दिन मेहनत से काम किया और अपनी मजदूरी लेकर घर लौट आए। किसान उनके काम और मेहनत से इतना प्रभावित हुआ कि उसने यह जानने का फैसला किया कि आखिर यह बालक किस घर में रहता है। वह भी उनके पीछे-पीछे घर पहुंच गया। घर पहुंचने पर माता जी ने साईं जी से पूछा कि वे पूरे दिन कहां रहे।

इस पर साईं जी ने बताया कि जो काम आपने सौंपा था, वही करने गए थे। उन्होंने किसान से मेहनत करके कमाए पैसे माता जी को दे दिए। पैसे देखकर माता जी हैरान रह गईं। तभी किसान ने आगे आकर पूरी बात बताई कि साईं जी ने उनके खेत में पूरे दिन मजदूरी की है। किसान ने माता जी को उनके हाथों पर मेहनत के निशान भी दिखाए और कहा कि यह बालक उम्र में भले ही छोटा है, लेकिन काम बड़े-बड़ों से ज्यादा करता है। यह सुनकर माता जी ने साईं जी को गले लगा लिया और पूछा कि जो बर्फी दी थी, उसका क्या हुआ? साईं जी ने बताया कि रास्ते में भूखे फकीर मिल गए थे। उन्होंने बर्फी मांगी तो वह उन्हें दे दी। आपने सौदा करने के लिए कहा था, इसलिए बर्फी के बदले मेहनत करके पैसे ले आया हूं। इस तरह भूखों को भोजन भी मिल गया और सौदा भी हो गया।

पूज्य गुरु जी ने आगे फरमाया कि साईं शाह मस्ताना जी महाराज के मन में बचपन से ही परमात्मा को पाने की प्रबल लग्न थी। उन्होंने श्री गुरु नानक देव जी महाराज की वाणी सहित अनेक संतों की वाणी का अध्ययन किया। अनहद बाणी, अनहद नाद और परमात्मा की महिमा के बारे में जानकर उनके मन में उस सर्वशक्तिमान मालिक को पाने की तड़प और बढ़ती चली गई। साईं जी अनेक स्थानों पर गए। कई लोगों ने उन्हें ऋद्धि-सिद्धियों और चमत्कारों के बारे में बताया। किसी ने उड़ने तो किसी ने पानी पर चलने की विद्या सिखाने की बात कही, लेकिन साईं जी का उद्देश्य इन सब चीजों को पाना नहीं था। वे तो उस परमात्मा के दर्शन करना चाहते थे, जो सबका मालिक है, जो मुक्ति और मोक्ष प्रदान करता है। वे कहते थे कि उन्हें उस परमात्मा को देखना है, जिसे कोई ओउम, कोई अल्लाह, कोई वाहेगुरु और कोई गॉड कहता है। इस पर उन लोगों ने भी हाथ जोड़ दिए और कहा कि वह परमात्मा उनके पास नहीं है। 

पूज्य गुरु जी ने एक अन्य प्रसंग में फरमाया

पूज्य गुरु जी ने एक अन्य प्रसंग सुनाते हुए फरमाया कि एक दिन साईं जी अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान एक सज्जन उनके पास आए और पूछा कि क्या वे परमात्मा को पाना चाहते हैं? इसके बाद उन्होंने साईं जी को किसी काम के लिए जाने को कहा। साईं जी पहले तो जाने लगे, लेकिन फिर उन्होंने उस सज्जन को अंदर बिठाकर बाहर ताला लगाकर घर चले गए। जब वापस आकर दुकान खोली तो वह सज्जन वहां नहीं थे। साईं जी को एहसास हुआ कि परमात्मा ही उन्हें बुलाने आए थे, लेकिन वे उन्हें पहचान नहीं पाए। इसके बाद उनके मन में उस सज्जन को दोबारा खोजने की तड़प और बढ़ गई।

पूज्य गुरु जी ने फरमाया कि परमात्मा को पाने की इसी तड़प में साईं शाह मस्ताना जी महाराज ने अनेक स्थानों की यात्रा की। खोजते-खोजते वे बिलोचिस्तान से ब्यास पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात पूजनीय सावण सिंह जी महाराज से हुई। उन्हें देखते ही साईं जी की आँखों से अश्रुधारा बहने लगी। सावण सिंह जी महाराज के पूछने पर साईं जी ने भावुक होकर कहा कि आप इतनी दूर बिलोचिस्तान में आए, लेकिन मैं आपकी सेवा नहीं कर पाया। आप मुझे लेने आए और मैं आपको पहचान नहीं पाया। अब आप मिल गए हैं तो मैं आपसे दूर नहीं जाना चाहता।

सावण सिंह जी महाराज साईं जी की इस अनन्य भक्ति और प्रेम से बहुत प्रसन्न हुए और उन्होंने उन्हें ‘मस्ताना शाह’ नाम दिया। साईं जी अपने सतगुरु के आगे प्रेम और भक्ति में खूब नृत्य करते थे। एक दिन सावण सिंह जी महाराज ने उनसे फरमाया कि मस्ताना शाह, तुम्हें बागड़ में भेजना है। यह सुनकर साईं जी की आँखों में वैराग्य आ गया। उन्होंने विनती की कि आप मेरे साथ ऐसा न करें, आप ही मेरे निरंकार हैं। लेकिन सावण सिंह जी महाराज ने उन्हें बागड़ में जाने और वहां की साध-संगत को नाम शब्द से जोड़ने का आदेश दिया। 

पूज्य गुरु जी ने फरमाया कि पुराने समय में सिरसा और आसपास का क्षेत्र बागड़ कहलाता था। सावण सिंह जी महाराज के आदेशानुसार साईं शाह मस्ताना जी महाराज बागड़ क्षेत्र में पहुंचे और सरसा में रहकर रूहानियत का प्रचार-प्रसार शुरू किया। सरसा में उन्होंने उस स्थान पर कुटिया बनाई, जहां आज शाह मस्ताना जी धाम स्थित है। कुटिया के चारों ओर कंटीली झाड़ियों की बाड़ लगवाई गई। इस प्रकार साईं शाह मस्ताना जी महाराज ने बागड़ क्षेत्र में रूहानियत और सत्संग का प्रचार करते हुए इन्सान को परमात्मा से जुड़ने का मार्ग दिखाया।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts