Rajasthan Politics News: मुख्यमंत्री बदलने से नहीं मिटेगी भाजपा के खिलाफ नाराजगी: टीकाराम जूली
जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव में जनादेश बदलने के लिए दबाव और खरीद-फरोख्त की कोशिशें लोकतंत्र के लिए चिंताजनक
Tikaram Julie Latest News: जयपुर/अलवर, 24 नवम्बर (सच कहूँ/गुरजंट धालीवाल)। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ जनता में व्याप्त नाराजगी अब इस सरकार के जाने के बाद ही खत्म होगी। भाजपा नेतृत्व मुख्यमंत्री बदलकर सत्ता विरोधी माहौल को खत्म करने का सपना देख रहा है, लेकिन उसे समझ लेना चाहिए कि मुख्यमंत्री ही नहीं, पूरा मंत्रिमंडल बदल देने के बावजूद प्रदेश की जनता भाजपा को माफ करने वाली नहीं है।
जूली ने मंगलवार को पत्रकार बंधुओं से बातचीत करते हुए कहा कि राजस्थान में अब केवल चेहरा नहीं, राज बदलेगा। भाजपा नेतृत्व यदि यह मान रहा है कि मुख्यमंत्री बदलने से चुनावी हार के असर को खत्म किया जा सकता है तो यह उसकी बड़ी भूल है। प्रदेश की जनता सरकार के दो वर्षों के कामकाज को देख रही है। भ्रष्टाचार पर कोई प्रभावी अंकुश नहीं है, अपराध लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं और आमजन अपनी समस्याओं को लेकर परेशान है। जनता के बीच भाजपा के प्रति नाराजगी इतनी गहरी हो चुकी है कि अब लोग कहने लगे हैं कि कमल का फूल हमारी भूल।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा में चुनावी हार की जिम्मेदारी लेने के बजाय एक-दूसरे पर ठीकरा फोड़ने की होड़ मची हुई है। अभी तक भाजपा में यह तय नहीं हो पाया है कि हार के लिए सरकार जिम्मेदार है या संगठन अथवा दोनों। हर कोई अपनी जिम्मेदारी से बचने और दूसरे पर दोष मढ़ने में लगा है। भाजपा के नेता ऐसे बयान दे रहे हैं, जिनका मकसद चुनावी हार और जनता के सवालों से ध्यान भटकाना है। लेकिन बयानबाजी से न तो हार की जिम्मेदारी से बचा जा सकता है और न ही जनता के मन में पैदा हुई नाराजगी को दूर किया जा सकता है।
जूली ने जिला प्रमुख एवं पंचायत समिति प्रधान पदों के चुनाव को लेकर कहा कि कुछ स्थानों पर भाजपा वही हथकंडे अपना रही है, जो उसने निकाय चुनावों के दौरान आजमाए थे। जहां किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलता और निर्दलीय या अन्य दलों के समर्थन से जिला प्रमुख अथवा प्रधान चुना जाता है, वहां किसी को आपत्ति नहीं हो सकती। यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। लेकिन जहां दबाव, जबरदस्ती और कथित खरीद-फरोख्त के जरिए जनादेश को प्रभावित करने की कोशिश की जाती है, वहां यह लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि जनता ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर जनप्रतिनिधियों को चुना है। उनके फैसले का सम्मान होना चाहिए। सत्ता के दबाव या अन्य प्रलोभनों के जरिए निर्वाचित प्रतिनिधियों की स्वतंत्रता को प्रभावित करना लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा के अनुरूप नहीं है। भाजपा को समझना चाहिए कि लोकतंत्र में सत्ता का आधार जनादेश होता है, न कि जोड़-तोड़ और दबाव की राजनीति।
Comments