Sanganer History: सांगानेर की तर्ज पर बसा विश्व का पहला वास्तु आधारित शहर जयपुर

1727 में बसाया गया जयपुर, जानिए सांगानेर से कैसे जुड़ा इसका इतिहास

Published On

Jaipur History: अरावली की पहाड़ियों के आंचल में बसा यह गुलाबी नगर अपनी विशिष्ट पहचान के कारण पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। वर्ष 1727 में महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय द्वारा स्थापित जयपुर अपनी स्थापना के 299 वर्ष पूरे कर चुका है। लेकिन जयपुर के इस गौरवशाली नगरीय इतिहास की जड़ें केवल 1727 तक सीमित नहीं हैं। इसके पीछे लगभग दो शताब्दी पहले विकसित हुई सांगानेर की एक समृद्ध नगरीय परंपरा भी दिखाई देती है।

सांगानेर नगरीय परिकल्पना का ऐतिहासिक आधार

जयपुर से लगभग 16 किलोमीटर दक्षिण में स्थित सांगानेर आज अपने विश्वप्रसिद्ध हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग उद्योग, जैन मंदिरों, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है। लेकिन सांगानेर का महत्त्व केवल एक औद्योगिक अथवा धार्मिक कस्बे के रूप में नहीं है। इसका अपना एक विशिष्ट ऐतिहासिक और नगरीय विकास क्रम रहा है। ऐतिहासिक संदर्भों के अनुसार, कछवाहा राजवंश के शासक पृथ्वीराज के पुत्र सांगा जी ने 16वीं शताब्दी के प्रारंभ में सांगानेर को नए नगर के रूप में विकसित किया। इसका नाम उनके नाम पर सांगानेर पड़ा। वर्ष 1526 का समय इस नगर के विकास के संदर्भ में विशेष महत्त्व रखता है।

सांगानेर उस समय एक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और व्यावसायिक दृष्टि से विकसित नगर था। इसकी अपनी परकोटा व्यवस्था थी। नगर में प्रवेश के लिए अलग-अलग दिशाओं में दरवाजे बनाए गए थे। नगर की सुरक्षा, आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को ध्यान में रखकर इसकी संरचना विकसित की गई थी। सांगानेर के पुराने स्वरूप के अवशेष आज भी उसके गौरवशाली अतीत की कहानी कहते हैं। मालपुरा गेट, आमेर गेट, चाकसू गेट और अन्य पुराने प्रवेश मार्गों के अवशेष इस ऐतिहासिक विरासत की याद दिलाते हैं। दौसा गेट और सांभर गेट जैसे पुराने द्वारों के अवशेष अथवा उनके लुप्त होते स्वरूप के साथ स्थानीय इतिहास की अनेक स्मृतियां जुड़ी हुई हैं। ये केवल आवागमन के रास्ते नहीं थे, बल्कि नगर की पहचान, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था के प्रतीक थे।

सांगानेर से जयपुर तक : दो शताब्दियों की नगरीय यात्रा

सांगानेर की इस ऐतिहासिक नगरीय परंपरा के लगभग दो सौ वर्ष बाद कछवाहा शासक महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने 1727 में एक नए और भव्य नगर की परिकल्पना की। आमेर की पहाड़ियों में स्थित तत्कालीन राजधानी को एक नए स्थान पर विकसित करने की आवश्यकता महसूस हुई। सवाई जयसिंह ने एक ऐसे नगर की कल्पना की, जो आने वाली कई शताब्दियों की आवश्यकताओं को पूरा कर सके। इस महान परिकल्पना को साकार करने में वास्तुकार एवं नगर नियोजक विद्याधर भट्टाचार्य की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही। यह कहना अधिक उचित होगा कि सांगानेर की पुरानी नगरीय परंपरा और जयपुर की व्यापक नगर योजना राजस्थान में विकसित शहरी स्थापत्य की एक महत्त्वपूर्ण निरंतरता को दर्शाती हैं।

वास्तुशास्त्र और वैज्ञानिक नगर नियोजन का अद्भुत उदाहरण

जयपुर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसका निर्माण एक सुविचारित योजना के अंतर्गत किया गया। वास्तुशास्त्र और शिल्पशास्त्र के सिद्धांतों के आधार पर नगर को चौकड़ियों में विभाजित किया गया। मुख्य सड़कें एक-दूसरे को समकोण पर काटती थीं। बाजारों, आवासीय क्षेत्रों, मंदिरों, राजमहल और सार्वजनिक स्थलों के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए।

चौपड़ की व्यवस्था ने सार्वजनिक जीवन को एक विशिष्ट स्वरूप प्रदान किया। बड़ी चौपड़ और छोटी चौपड़ केवल यातायात के केंद्र नहीं थीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक गतिविधियों के प्रमुख स्थल भी थीं। जयपुर का परकोटा और उसके विशाल प्रवेश द्वार नगर की सुरक्षा के साथ-साथ स्थापत्य सौंदर्य के भी प्रतीक बने। नगर की योजना में नौ चौकड़ियों की अवधारणा, दिशाओं का संतुलन, व्यापारिक मार्गों का निर्धारण और सार्वजनिक स्थानों की व्यवस्था उस समय के भारतीय नगर नियोजन की उच्च परिपक्वता को प्रदर्शित करती है।

गुलाबी रंग ने दी विश्वव्यापी पहचान

जयपुर की पहचान गुलाबी नगर के रूप में 1876 में और अधिक स्थापित हुई, जब महाराजा सवाई रामसिंह द्वितीय ने प्रिंस ऑफ वेल्स के स्वागत में नगर के भवनों को गुलाबी रंग से रंगवाया। भारतीय परंपरा में गुलाबी रंग आतिथ्य, सौहार्द और स्वागत का प्रतीक माना जाता है। इसके बाद गुलाबी रंग जयपुर की स्थापत्य पहचान का अभिन्न हिस्सा बन गया। आज हवा महल, सिटी पैलेस, जंतर-मंतर, त्रिपोलिया गेट, बड़ी चौपड़, छोटी चौपड़ और ऐतिहासिक बाजारों की इमारतें इस विरासत को जीवंत बनाए हुए हैं।

जयपुर की इसी विशिष्ट नगर योजना और स्थापत्य महत्त्व को वैश्विक मान्यता तब मिली, जब वर्ष 2019 में यूनेस्को ने जयपुर के परकोटा क्षेत्र को विश्व धरोहर सूची में सम्मिलित किया। यूनेस्को ने इसे दक्षिण एशिया में स्वदेशी नगर नियोजन और निर्माण कला का असाधारण उदाहरण माना।  

विरासत का सम्मान, भविष्य का संकल्प

जयपुर के 299 वर्षों का यह सफर हमें केवल अतीत की गौरवगाथा नहीं सुनाता, बल्कि भविष्य के लिए भी अनेक संदेश देता है। सांगानेर की ऐतिहासिक नगरीय व्यवस्था से लेकर सवाई जयसिंह की दूरदर्शी नगर योजना और आज के आधुनिक महानगर तक जयपुर ने विकास के अनेक चरण देखे हैं।

जयपुर की पहचान केवल उसकी गुलाबी इमारतों में नहीं, बल्कि उस विचार में है जिसने लगभग तीन शताब्दियों पहले एक आदर्श नगर का सपना देखा और उसे धरातल पर साकार किया। सांगानेर उस ऐतिहासिक यात्रा की पुरानी कड़ी है और जयपुर उसका विश्वविख्यात विस्तार। यही है जयपुर का गौरव, यही उसकी विरासत और यही उसके भविष्य की प्रेरणा।

डॉ. गोरधनलाल शर्मा, अतिरिक्त  निदेशक (प्रशासन) एवं पदेन शासन उप सचिव
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts