Hanumangarh Crime: खाले से पानी चलाने को लेकर विवाद, महिला से मारपीट और जान से मारने की धमकी

महिला ने पांच जनों के खिलाफ न्यायालय में पेश किया इस्तगासा, टाउन थाने में मामला दर्ज

Published On

हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। टाउन थाना क्षेत्र के गांव अमरपुरा थेहड़ी में खेत में बने खाले से पानी चलाने को लेकर हुए विवाद में एक महिला ने पांच जनों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की ओर से न्यायालय में इस्तगासा पेश किए जाने के बाद अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर टाउन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गुलाबो (34) पत्नी राकेश कुमार निवासी चक 9 एचएमएच, वार्ड नंबर 3, अमरपुरा थेहड़ी ने न्यायालय में इस्तगासा पेश किया।

परिवादिया ने बताया कि 12 जुलाई 2026 को शाम करीब 5 बजे वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान गांव के ही दिनेश पुत्र देवीलाल और विनोद पुत्र लालचंद उसकी ढाणी पर आए और उसके साथ मारपीट करने लगे। बाद में मंजू देवी पत्नी सतपाल, ममता देवी पत्नी विनोद कुमार और मनीराम पुत्र संतराम ने भी उसके साथ मारपीट की तथा गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। मंजू देवी और ममता देवी ने कस्सी दिखाकर धमकाया तथा उसके टुकड़े-टुकड़े करने की बात कही।

परिवादिया के अनुसार उसके खेत में बने खाले में विनोद कुमार की ओर से दिनेश की मोटर का पानी जबरदस्ती चलाया जा रहा है, जबकि इसके लिए उसके परिवार की ओर से कोई अनुमति नहीं दी गई थी। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। पुलिस ने इस्तगासे के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच हेड कांस्टेबल प्रवीण को सौंपी गई है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts