Rawatsar Crime News: रास्ते में घेरकर लाठियों से हमला, नकदी और सोने-चांदी के जेवर छीने
बाइक पर किश्त जमा करवाने आ रहा था युवक, गंभीर चोटों के चलते हायर सेंटर रेफर
हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। रावतसर थाना क्षेत्र में रामपुरा रोड पर चक 6 डीडब्ल्यूएम के पास चार जनों ने एक युवक को रास्ते में घेरकर लाठियों से हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक को मोटर साइकिल से नीचे गिराकर मारपीट की और उसकी जेब से 15 हजार 800 रुपए नकद, चांदी की चेन तथा सोने की मूरत छीन ली। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले रावतसर अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हनुमानगढ़ के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। रावतसर थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस के अनुसार 11 एनडब्ल्यूडी निवासी प्रेम कुमार (25) पुत्र उदाराम नायक ने थाने में रिपोर्ट दी। परिवादी ने बताया कि 13 नवम्बर को शाम करीब 4 बजे वह अपने चक 11 एनडब्ल्यूडी से मोटर साइकिल पर वाहन की किश्त जमा करवाने रावतसर आ रहा था। इसी दौरान चक 6 डीडब्ल्यूएम के पास रामपुरा रोड पर राधे लुहार, सन्नी, अजय बावरी और उनके एक अन्य साथी निवासी वार्ड नंबर 24, रावतसर ने उसकी चलती मोटर साइकिल पर लाठी से वार किया और उसे रुकवा लिया। इसके बाद चारों ने उसे घेरकर मारपीट की और जमीन पर पटक दिया।
इस दौरान आरोपियों ने उसकी जेब से 15 हजार 800 रुपए, गले से चांदी की चेन और सोने की मूरत छीन ली। युवक के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे मुकेश पुत्र सुभाष नायक और रोहताश पुत्र लीलूराम नायक ने बीच-बचाव कर उसे रावतसर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर चोटों के कारण चिकित्सकों ने उसे हनुमानगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक प्रेम कुमार को सौंपी है।
Comments