BPCL Gas Pipeline News: बीपीसीएल की लापरवाही से बहा हजारों लीटर पानी, पाइप लाइन में डाली गैस लाइन

वाशिंग लाइन से ट्रीटमेंट प्लांट तक बिछी पाइप लाइन को किया क्षतिग्रस्त, टेस्टिंग में खुली पोल

Published On

Water Pipeline Damage: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/एजेंसी)। घरों तक पीएनजी गैस पहुंचाने के लिए पाइप लाइन बिछाने का कार्य कर रही बीपीसीएल कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जंक्शन स्थित चूना फाटक के पास वाशिंग लाइन से ट्रीटमेंट प्लांट तक वेस्टेज पानी की निकासी के लिए बिछाई गई पाइप लाइन के बीच से कंपनी की ओर से गैस पाइप लाइन निकाल दी गई।

शुक्रवार को जब ट्रीटमेंट प्लांट से पानी की टेस्टिंग की गई तो पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण हजारों लीटर पानी सड़क पर व्यर्थ बह गया। इस लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार चूना फाटक पर निर्मित वाशिंग लाइन के वेस्टेज वाटर को बाइपास स्थित जोड़कियां फाटक के पास बने ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाने के लिए रेलवे की ओर से पाइप लाइन बिछाई गई है। शुक्रवार को पहली बार इस पाइप लाइन का ट्रायल किया गया तो पानी चूना फाटक के पास पाइप लाइन से बाहर निकलकर सड़क किनारे दुकानों के आगे फैलने लगा। सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल और वार्ड 51 से पार्षद सुरेश धमीजा मौके पर पहुंचे तथा जलदाय विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।

मौके पर पहुंचे अधिकारियों और कर्मचारियों ने काफी मशक्कत की। पाइप लाइन की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए बड़ा गड्ढा तक खोदना पड़ा। रात करीब आठ बजे जांच के दौरान सामने आया कि यह पाइप लाइन पीएचईडी की नहीं, बल्कि रेलवे की है। बीपीसीएल कंपनी की ओर से इसी पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त कर उसके बीच से अपनी गैस पाइप लाइन निकाल दी गई थी। इससे पाइप लाइन दोनों जगह से टूट गई और ट्रायल के दौरान पानी बाहर निकल गया। सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल ने बताया कि वाशिंग लाइन के वेस्टेज वाटर की निकासी के लिए बिछाई गई पाइप लाइन अभी तक शुरू नहीं हुई थी।

शुक्रवार को जैसे ही इसकी टेस्टिंग की गई, बीपीसीएल कंपनी की ओर से गैस पाइप लाइन निकाले जाने के कारण हुई टूट-फूट का खुलासा हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी पांच-सात दिन में गैस सप्लाई शुरू करने की बात कह रही थी। ऐसे में यदि पानी की पाइप लाइन की टेस्टिंग नहीं होती और गैस सप्लाई शुरू हो जाती तो संभावित रूप से बड़ा हादसा हो सकता था। बहल ने कहा कि बीपीसीएल कंपनी ने गैस पाइप लाइन बिछाने के नाम पर शहर की अनेक सड़कें उखाड़ दी हैं, लेकिन उनकी मरम्मत नहीं करवाई गई। जगह-जगह पीएचईडी की पाइप लाइनें भी क्षतिग्रस्त की गई हैं। उन्होंने कंपनी के कार्यांे की जांच करवाकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

कंपनी की जिम्मेदारी तय करने की मांग

पार्षद सुरेश धमीजा ने भी इसे कंपनी की गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि वाशिंग लाइन के वेस्टेज वाटर की पाइप लाइन को तोड़े करीब एक माह हो चुका है, लेकिन शुक्रवार को हुए ट्रायल में इसका पता चला। उन्होंने सवाल उठाया कि कंपनी की ओर से अभी तक गैस कनेक्शन तक नहीं किए गए हैं, फिर भी पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। कंपनी के कार्यांे की प्रभावी मॉनिटरिंग नहीं हो रही और न ही आधुनिक मशीनों का उचित उपयोग किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर कंपनी की जिम्मेदारी तय करने और क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को दुरुस्त करवाने की मांग की।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts