Congress News: पंचायत चुनाव में जनता ने भाजपा को बुरी तरह नकारा
प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द डोटासरा बोले-लोकतंत्र बचाने के लिए जो कुछ आवश्यक होगा कांग्रेस करेगी
Rajasthan Congress: जयपुर (सच कहूँ ब्यूरो)। राजस्थान के पंचायती राज चुनावों में आम जनता के बहुमत से कांग्रेस पार्टी की 300 से ज्यादा पंचायत समितियां बनी है, भाजपा ने मात्र 62 पर बहुमत प्राप्त किया है। इसी प्रकार जिला परिषद में भाजपा ने केवल 5 में बहुमत प्राप्त किया है, 27 में पूर्णतया कांग्रेस पार्टी का बहुमत है और अन्य में कांग्रेस पार्टी अपना जिला परिषद् बोर्ड बनाने जा रही है।
राजस्थान में चार जिलों के रोके गये परिणाम भी अगर जारी हो जाते तो कांग्रेस पार्टी का वोट शेयर और बढ़ जाता। जिला परिषद में 50 प्रतिशत वार्ड कांग्रेस पार्टी ने अकेले जीते हैं, भाजपा का मत 28 प्रतिशत है, पंचायत समितियां 62 प्रतिशत कांग्रेस ने जीती है, वोट शेयर में 5.45 प्रतिशत के लगभग कांग्रेस आगे है, विधानसभा चुनाव में ढाई प्रतिशत के अंतर से भाजपा जीती थी, लोकसभा चुनाव में 15 प्रतिशत से भाजपा आगे रही थी, किंतु पंचायत चुनाव में आम जनता ने भाजपा सरकार को बुरी तरह से नकार दिया है।
महंगाई, बेरोजगारी, नौजवान, किसान और अपराध के मुद्दों पर सरकार का ध्यान नहीं है, केवल कांग्रेस को कोसने का कार्य किया जा रहा है और भ्रमित करने के लिये घोषणाएं और भाषण दिये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय में बैठकर भ्रष्टाचार की फाइलें निपटाई जा रही है, विला खरीदे जा रहे हैं, मुख्यमंत्री से करोड़ों रुपये का फायदा दिलवाया जा रहा है, मुख्यमंत्री को विदेश में घुमाया जा रहा है और आज सार्वजनिक रूप से प्रमाणित हो गया कि यह लोग भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। एसीबी ने मुकदमा दर्ज कर लिया लेकिन मुख्यमंत्री का एक शब्द नहीं बोलना, स्पष्टीकरण नहीं देना यह प्रमाणित करता है कि मुख्यमंत्री की नाक के नीचे जानकारी में रहते हुए सरकार के अधिकारियों और नेताओं ने भ्रष्टाचार किया। उक्त विचार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द डोटासरा ने प्रेस को संबोधित करते हुए व्यक्त किये।
डोटासरा ने कहा कि पंचायत चुनाव में बुरी तरह से हारने के बावजूद भाजपा बहुमत न होने पर भी राजस्थान के मुख्यमंत्री के गृह जिले में उनकी साख बचाने के लिए जिला प्रमुख बनना चाहती है, जबकि बहुमत से वह कोसों दूर है। चुनाव में सेल्स टैक्स को भेजकर, धमकाकर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों का नामांकन निरस्त करवाकर भाजपा ने अपना मेयर बनवा दिया और अब इस प्रकार का खेल जिला परिषद में यह भाजपा के नेता करना चाहते हैं। भाजपा को चुनौती दी थी कि पंचायत चुनाव में मुख्यमंत्री अपने गृह जिले में भाजपा को जीताकर दिखायें, लेकिन भाजपा हार गई, इस बुरी तरह हारने के बावजूद कांग्रेस पार्टी के निर्वाचित जिला परिषद सदस्यों को मुख्यमंत्री की नाक बचाने के लिए भाजपा के नेता प्रलोभन दे रहे हैं, धमका रहे हैं ताकि किसी तरह भाजपा का बोर्ड भरतपुर में बनवाया जा सके।
डोटासरा ने कहा कि आज कांग्रेस कार्यालय में इस वक्त कांग्रेस के सिंबल पर जीते हुए 18 निर्वाचित जिला परिषद सदस्य बैठे हैं, तीन को भाजपा के लोग अपने साथ ले गये। लोग बताते हैं कि 60-70 लाख रूपये देने का लालच दिया गया, कोई कह रहा है कि उनको धमका कर, डरा कर ले गये, किन्तु आज ही 18 सदस्य यहां पर बिना किसी लोभ-लालच के बैठे हैं, जिन्हें प्रतिदिन भाजपा सरकार द्वारा पुलिस प्रशासन भेजकर, अधिकारी भेजकर डराने और धमकाने का कार्य किया जा रहा है।
अभी यह सभी कांग्रेस के जिला परिषद सदस्य चौमूं में एक होटल में ठहरे हुए थे, वहां चौमूं के पुलिस अधिकारी इन्हें भाजपा के पास जाने के लिये धमका रहे हैं, और लालच दे रहे हैं, इसलिए चार दिन से यह ढंग से सो नहीं पाये, ऐसा अलोकतांत्रिक कृत्य भाजपा द्वारा चुनाव में बुरी तरह हारने के बावजूद किया जा रहा है। अंजू कुमारी, ओमवती और अशोक साहू तीन जिला परिषद सदस्यों को भाजपा के लोग सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करके अपने साथ ले गए हैं, यह लोकतंत्र पर भी प्रहार है चुनाव की निष्पक्षता पर भी प्रश्न चिन्ह है। भाजपा की बेईमानी भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी को उजागर करने के लिए आज यह सभी जिला परिषद् सदस्य एक साथ यहां पर मौजूद होकर भाजपा के कुशासन का मुकाबला करने के एकत्रित हुए हैं।
डोटासरा ने मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष तथा पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि चाहे गोलियां चल जाये, जितना मर्जी सरकार दमन कर ले, भरतपुर में कांग्रेस का ही बोर्ड बनेगा। कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता दमन से दबने वाले नहीं है, भाजपा के नेता कांग्रेस के जिला पार्षदों का इमान नहीं खरीद सकते हैं और आने वाले वक्त में जो पुलिस प्रशासन के अधिकारी भाजपा की गुंडागर्दी में साथ दे रहे हैं उन्हें एक-एक कर सबक सिखाया जायेगा। डोटासरा ने सभी 18 भरतपुर के जिला परिषद सदस्यों को प्रेस के सम्मुख प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए जो कुछ आवश्यक होगा कांग्रेस पार्टी करेगी, चाहे धरना दे, आंदोलन करें, चाहे क्रांति आये, लेकिन लोकतंत्र पर इस तरह का प्रहार भाजपा को कांग्रेस पार्टी नहीं करने देगी।
Comments