Raja Warring: कांग्रेस के कार्यक्रम में ‘नाराज दिखे’ राजा वड़िंग
भले ही मंच से कोई मेरा नाम न ले, मैं हर किसी के समर्थन में नारे लगाऊंगा, मैं सच्चा कांग्रेसी हूं: राजा वड़िंग
चंडीगढ़, सच कहूँ/अश्वनी चावला। पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष प्रगट सिंह के शपथ ग्रहण समारोह में कुछ ही मिनटों के लिए पहुंचे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरेन्द्र सिंह राजा वड़िंग काफी नाराज दिखाई दिए। उन्होंने मंच पर ही अपनी नाराजगी जाहिर कर सभी को हैरान कर दिया। राजा वड़िंग ने अपने छह मिनट के भाषण में खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए कई लोगों ने उनका विरोध किया। विरोध उसी का होता है, जिसमें कोई बात होती है, लेकिन वह यहां किसी का विरोध करने नहीं आए हैं।
राजा वड़िंग ने कहा कि उन्होंने पहले भी कहा था कि वह चुनाव हार गए हैं। अब भले ही सचिन पायलट उनकी टिकट भी काट दें, फिर भी वह कांग्रेस छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे। जब अमरेन्द्र सिंह राजा वड़िंग मंच से ये बातें कह रहे थे, उस समय उनके साथ मंच पर प्रदेश अध्यक्ष प्रगट सिंह भी मौजूद थे, जबकि सामने सचिन पायलट बैठे हुए थे। राजा वड़िंग की बातें सुनकर वे भी हैरान नजर आए। राजा वड़िंग ने कहा कि कुछ लोग कहते थे कि राजा वड़िंग का दिल छोटा है। उन्होंने कहा कि भले ही उन्हें छोटे दिल वाला कहा गया हो, लेकिन प्रगट सिंह के प्रदेश अध्यक्ष बनने की खुशी में वह उनके लिए बड़ा गुलदस्ता लेकर आए हैं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह प्रगट सिंह की अध्यक्षता में काम करेंगे। राजा वड़िंग ने कहा कि प्रगट सिंह जी, मुझसे बात करने के लिए किसी बिचौलिए को मत भेजना, सीधे बात करना। मैं हमेशा आपके साथ खड़ा नजर आऊंगा। उन्होंने कहा कि सभी ने साढ़े चार साल तक सत्ताधारी दल का मुकाबला करते हुए बैरिकेडिंग पर पुलिस का सामना किया है। वह राहुल गांधी से भी कहकर आए हैं कि भले ही राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है, लेकिन उनके कार्यकाल में बनाए गए जिला और ब्लॉक अध्यक्षों को नहीं हटाया जाना चाहिए। विधानसभा चुनाव में उन्हें सबसे ज्यादा टिकट दिए जाने चाहिए, क्योंकि उन्होंने ही साढ़े चार साल तक सबसे अधिक काम किया है। राजा वड़िंग अपना भाषण देने के कुछ ही मिनट बाद कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए।
अपने घर पर किया शक्ति प्रदर्शन, प्रगट को सीट पर नहीं बैठाया
राजा वड़िंग ने सेक्टर-10 में नया घर किराये पर लेकर वहाँ बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। प्रगट सिंह के शपथ ग्रहण समारोह वाले दिन ही सुबह 11 बजे उन्होंने कई पूर्व कैबिनेट मंत्रियों और विधायकों को अपने घर बुलाकर बैठक की। इसके साथ ही उन्होंने शक्ति प्रदर्शन करते हुए दिखाया कि भले ही अब वह प्रदेश अध्यक्ष नहीं हैं, लेकिन आज भी कांग्रेस के कई दिग्गज नेता बड़ी संख्या में उनके साथ खड़े हैं। राजा वड़िंग के घर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रह्म महिंद्रा, साधु सिंह धर्मसोत, पूर्व विधायक हरदयाल सिंह कंबोज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता मौजूद थे।
अगली कतार में नहीं बैठे राजा वड़िंग, कई नेताओं ने मनाने की कोशिश की, लेकिन आगे नहीं आए
प्रगट सिंह के शपथ ग्रहण समारोह में जब अमरेन्द्र सिंह राजा वड़िंग अपने समर्थकों के साथ पहुंचे, तो वह अगली कतार में बैठने के बजाय पीछे की पंक्तियों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बैठ गए। यह देखकर मंच से कई बार उन्हें आगे की कतार में रखी कुर्सी पर आकर बैठने का आग्रह किया गया, लेकिन राजा वड़िंग आगे नहीं आए। इसके बाद उन्हें मनाने के लिए कई बड़े नेताओं और एक सांसद को भी पीछे भेजा गया, लेकिन राजा वड़िंग अपनी जगह पर ही बैठे रहे। बाद में जब भाषण देने के लिए उनका नाम पुकारा गया, तो उन्होंने छह मिनट में अपना भाषण समाप्त किया और पंजाब कांग्रेस भवन से सीधे अपने घर चले गए।