मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला के लिए मसीहा बने डेरा श्रद्धालु
परिवार ने पूज्य गुरु जी व सेवादारों का किया धन्यवाद
राजपुरा (सच कहूँ/अजय कमल)। Rajpura News: सच्चे रूहानी रहबर पूज्य गुुरू संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की पावन शिक्षाओं पर चलते हुए राजपुरा की साध-संगत ने मानसिक रूप से विक्षिप्त एक और महिला की देखभाल कर उसे पुलिस प्रशासन की निगरानी में उसके परिवार से मिलवाकर इन्सानियत का फर्ज निभाया है। जानकारी देते हुए डेरा सच्चा सौदा के सच्चे-नम्र सेवादार दारा खान इन्सां और बहन आशा इन्सां ने बताया कि उन्हें बहन नीतू इन्सां ने फोन पर सूचना दी कि करीब 40 वर्षीय एक महिला नई अनाज मंडी की पीछे की तरफ स्थित अफसर कॉलोनी में शाम से घूम रही है।
उसके छोटे भाई और उसके परिवार ने उसे अपने पास बैठा रखा है। सूचना मिलने पर कुछ बहनें और भाई वहाँ पहुंचे तथा इसकी सूचना संबंधित थाना गंडा खेड़ी को दी। पुलिस ने अपनी निगरानी में महिला का मेडिकल परीक्षण करवाया और उसे यहाँ स्थित डेरा सच्चा सौदा व मानवता भलाई केन्द्र, राजपुरा में भेज दिया। उन्होंने बताया कि उक्त महिला से बातचीत के दौरान उसने अपने पिता के बारे में बताया कि वह बैंड-बाजे का काम करते हैं और वह मोहाली क्षेत्र की रहने वाली है। इस पर दारा खान इन्सां ने सोशल मीडिया पर काफी तलाश करने के बाद उसके घर का नंबर प्राप्त किया। परिवार ने बताया कि वे लोहगढ़, जीरकपुर में रहते हैं। फोटो देखकर उन्होंने अपनी बेटी की पहचान कर ली।
बीती शाम महिला की माता अनीता अपनी बेटी, बहू और भतीजी के साथ यहाँ पहुंचीं और अपना तथा अपनी बेटी का आधार कार्ड दिखाया। इसके बाद डेरा सच्चा सौदा के सेवादार उन्हें थाना गंडा खेड़ी लेकर गए, जहाँ उसकी माता के बयान दर्ज करवाए गए। पुलिस की निगरानी में महिला को उसके परिवार के हवाले कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि उक्त महिला की दो दिनों तक राजपुरा की साध-संगत ने सेवा-संभाल की। इस दौरान महिला की माता और परिवार ने पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां का धन्यवाद किया।