Kaithal Road Accident: करनाल रोड पर भीषण हादसा, पेड़ से टकराई कार, दो सगे भाइयों समेत 3 की मौत

पेड़ से टकराई कार, दो सगे भाइयों सहित तीन युवकों की मौत

Published On

कैथल, सच कहूँ/कुलदीप नैन। Kaithal Road Accident: करनाल रोड पर गांव नरड़ के बस स्टॉप के पास वीरवार देर रात भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत हो गई। करनाल से कैथल लौट रही उनकी आई-20 कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों अगले टायर निकलकर दूर जा गिरे। हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान नानकपुरी कॉलोनी निवासी अभिषेक (29), उसके छोटे भाई रक्षत (27) और कलायत निवासी कृष्ण (35) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, तीनों युवक वीरवार रात किसी से पैसे लेने के लिए करनाल गए थे और वहां से कैथल लौट रहे थे। गांव नरड़ के बस स्टॉप के पास पहुंचते ही कार चालक संतुलन खो बैठा और गाड़ी पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद कार के पुर्जे सड़क पर बिखर गए। दुर्घटना देर रात हुई, लेकिन पुलिस को इसकी सूचना शुक्रवार सुबह मिली। सुबह करीब पांच बजे एक राहगीर ने क्षतिग्रस्त कार देखकर पुलिस को सूचित किया। इसके बाद तितरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी रोहताश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार की तेज रफ्तार और चालक का संतुलन बिगड़ना हादसे की संभावित वजह सामने आई है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

कार की बॉडी काटकर निकाले शव

कार बुरी तरह पिचक गई थी और तीनों युवक अंदर फंस गए थे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन कार की हालत इतनी खराब थी कि शव निकालने के लिए उसकी बॉडी काटनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलने पर डीएसपी रोहताश भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

दो बेटों की मौत से टूटा दुखों का पहाड़

अभिषेक और रक्षत सगे भाई थे और खुराना रोड स्थित नानकपुरी कॉलोनी में अपने माता-पिता के साथ रहते थे। दोनों नगर परिषद में कार्यरत थे और शादीशुदा थे। रक्षत का एक बेटा है। परिजनों के अनुसार, उनकी मां कैंसर से पीड़ित हैं। एक ही हादसे में दोनों बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, कलायत निवासी कृष्ण की मौत से उसके परिवार में भी मातम पसरा है। उसके साले पंकज के अनुसार, परिवार को हादसे की सूचना शुक्रवार सुबह मिली। कृष्ण के दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र आठ और 13 वर्ष बताई गई है। अभिषेक और रक्षत पूर्व विधायक स्वर्गीय भगतराम वाल्मीकि के पौत्र थे। 

About The Author

Related Posts