Jodhpur Borewell Accident Update: बोरवेल में फंसे मासूम को निकालने की जद्दोजहद जारी
बोरवेल में फंसे मासूम को निकालने की जद्दोजहद जारी
जोधपुर, सच कहूँ न्यूज। Jodhpur Borewell Accident: राजस्थान के फलोदी जिले में 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिरे नौ वर्षीय भोमाराम को दूसरे दिन भी बाहर नहीं निकाला जा सका। बच्चा करीब 640 फीट की गहराई में फंसा है। शुक्रवार सुबह कैमरे में उसका मूवमेंट दिखना भी बंद हो गया। रेस्क्यू टीम के अनुसार, कैमरा करीब 30 फीट नीचे जाकर फंस गया है। बचाव अभियान के दौरान बोरवेल में पानी भरने से भी परेशानी बढ़ रही है। चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर घटनास्थल पर पहुंचे। वीरवार दोपहर करीब 12 बजे पूनिया की ढाणी में भोमाराम बोरवेल में गिर गया था। बच्चे से करीब 30 फीट ऊपर फंसा पत्थर बचाव अभियान में बड़ी बाधा बना हुआ है।
पत्थर निकालने के लिए लोहे के एंगल जोड़कर विशेष उपकरण बनाया गया है। देसी तकनीक से बोरवेल में फंसे पत्थर को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। बोरवेल से बच्चों को निकालने में अनुभव रखने वाले माधाराम सुथार और उनकी टीम भी मौके पर पहुंची है। टीम पहले पत्थर हटाने के प्रयास कर रही है, ताकि बच्चे तक पहुंचा जा सके। उधर, परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर डटे हैं। प्रशासन और बचाव दल बच्चे को सुरक्षित निकालने के प्रयास में जुटे हैं।