शिक्षा और रोजगार
Delhi Protest Latest News: दिल्ली कूच से पहले पुलिस की कार्रवाई, कई नेता-कार्यकर्ता डिटेन
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन में जाने वालों पर कार्रवाई
Cockroach Janata Party Protest Update: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच पार्टी के प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे हनुमानगढ़ जिले के विभिन्न संगठनों एवं राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक जिले में कई स्थानों पर पुलिस ने दिल्ली कूच की तैयारी कर रहे नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को डिटेन किया तथा कुछ लोगों को उनके घरों पर ही रोक दिया।
दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में सियासी माहौल गरमा गया है। पुलिस कार्रवाई की कड़ी में जंक्शन थाना पुलिस ने आम आदमी पार्टी नेता सचिन कौशिक को डिटेन कर लिया। सचिन कौशिक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित आंदोलन में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रहे थे। दिल्ली पहुंचने से पहले ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पुलिस कार्रवाई के बाद सचिन कौशिक ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने का प्रयास बताते हुए कहा कि 'यह लोकतंत्र की हत्या है।
उन्होंने कहा कि युवा और आमजन अपनी आवाज उठाने के लिए तैयार हैं। इसी क्रम में संगरिया में भी पुलिस ने दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन में हिस्सा लेने जा रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने प्रो. ओम जांगू, अशोक चौधरी, कुलदीप सहारण एवं राजू भाम्भू को उनके घर पर ही रोक दिया। ये लोग दिल्ली में होने वाले विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रवाना होने की तैयारी में थे। इससे पहले शुक्रवार देर रात दिल्ली कूच से पहले यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर भी पुलिस कार्रवाई हुई थी।
हनुमानगढ़ से दिल्ली में प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे यूथ कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष विकास मेघवाल और जिला महासचिव अली हसन जोईया को जंक्शन थाना पुलिस ने डिटेन किया था। हनुमानगढ़ से करीब 60 से 70 कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और 'वोट चोरी, गद्दी छोड़ो' के नारे लगाते हुए दिल्ली कूच कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया और कई कार्यकर्ताओं को आगे जाने नहीं दिया।