Haryana Punjab Weather News: प्राकृतिक आपदा ने पानी में मिलाई हरियाणा-पंजाब के किसानों की मेहनत

मंडियों में खुले में पड़ा धान बारिश से भीगा, किसानों की बढ़ी चिंता

Published On

Haryana Punjab Mandi News: Crop-Damageचंडीगढ़/हिसार (संदीप सिंहमार/अश्वनी चावला)। हरियाणा और पंजाब में रविवार को अचानक मौसम बदलने से किसानों की चिंता बढ़ गई। कई जिलों में बादल छाने के बाद हुई तेज बारिश से अनाज मंडियों में खुले में रखा धान भीग गया। अचानक हुई बारिश के चलते मजदूरों को तिरपाल से धान ढकने का समय भी नहीं मिला। तिरपाल ढकने के बावजूद नीचे से पानी धान तक पहुंचता रहा, जिससे फसल की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। यमुनानगर में छुट्टी के कारण खरीद बंद रहने के बावजूद मंडियों में धान की आवक जारी रही। खुले में रखी फसल को बचाने के पर्याप्त इंतजाम न होने से बड़ी मात्रा में धान भीगा। 

कैथल, करनाल और अंबाला कैंट की मोहड़ा मंडी व सरसा के डबवाली  में भी धान की बोरियां और ढेर पानी में भीग गए। झज्जर में सुबह से बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलती रहीं। बारिश का असर खेतों में खड़ी फसल पर भी पड़ा है। नमी बढ़ने से धान की फसल की कटाई रोकनी पड़ी। मौसम साफ होने के बाद भी खेतों के सूखने में समय लगेगा। किसानों का कहना है कि भीगे धान को दोबारा सुखाना पड़ेगा, जिससे खर्च और परेशानी बढ़ेगी। उन्होंने मंडियों में पर्याप्त तिरपाल, शेड और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। पंजाब के जालंधर में सुबह 10 बजे अंधेरा छा गया और तेज आंधी के साथ बारिश हुई। लुधियाना, फरीदकोट, फाजिल्का, तरनतारन के पट्टी और पठानकोट में बारिश हुई। अबोहर में सड़क धंसने से एक कार फंस गई। फाजिल्का-फरीदकोट अनाज मंडी में रखा धान भी बारिश से भीग गया, जिससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई।

अमृतसर में खराब मौसम के चलते तीन फ्लाइटों को दिल्ली डायवर्ट किया गया; इनमें दुबई और श्रीनगर से आ रही फ्लाइटें शामिल हैं। भारत मौसम मौसम ने पंजाब के पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, रूपनगर, मोहाली, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस बीच पंजाब सरकार ने फसलों को बारिश से हुए नुकसान की गिरदावरी के आदेश दिए हैं। आईएमडी के मुताबिक हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर ऊपरी हवा में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल प्रदेश के ऊपर सक्रिय है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। बदले मौसम का प्रभाव हरियाणा में भी देखने को मिलेगा।

About The Author

Related Posts