आंखों की सुरक्षा के लिए डिजिटल स्क्रीन का समय कम करें: डॉ. टी.एन. आहूजा
कासन में निशुल्क नेत्र जांच शिविर में 130 लोगों की जांच
गुरुग्राम, सच कहूँ न्यूज़। Gurugram News: निरामया चैरिटेबल ट्रस्ट और सेंटिस फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को राजपूत धर्मशाला कासन में निशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया गया। इसमें 130 लोगों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान 20 मरीजों में मोतियाबिंद पाया गया, जिन्हें इलाज के लिए आहूजा नेत्र एवं दंत संस्थान रेफर किया गया है। वहीं 67 लोगों की नजर कमजोर पाई गई, जिन्हें अगले शिविर में चश्मे वितरित किए जाएंगे। शिविर में कासन गांव की ओर से सरपंच महेश, कैप्टन प्रेमपाल और बृजपाल चौहान ने सहयोग दिया। निरामया चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से डॉ. टी.एन. आहूजा, रेटिना स्पेशलिस्ट डॉ. गरिमा, डॉ. देवेंद्र आहूजा, बरुन, आमिर, मोहित, शिवांगी, गोपेश, नितिन, राकेश, सुखदेव और टेकचंद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संस्था ने बताया कि अगला नेत्र जांच शिविर 17 नवंबर को लगाया जाएगा और उस दिन चिन्हित लोगों को चश्में वितरित किए जाएंगे। डॉ. टी.एन. आहूजा ने आमजन को जागरुक करते हुए कहा कि हमारे शरीर का हर अंग महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में जहां हम घंटों मोबाइल, कंप्यूटर और टीवी की स्क्रीन के सामने बिताते हैं, हमारी आंखों पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। इससे हमें बचना चाहिए। विशेषकर छोटे बच्चों को भी बचाना चाहिए।