Softball Asia Cup 2026: कर्नल कॉलेज की छात्रा प्रगति गोयल का भारतीय महिला सॉफ्टबॉल टीम में चयन
एशियन यूनिवर्सिटी महिला सॉफ्टबॉल एशिया कप 2026 में करेंगी देश का प्रतिनिधित्व, कॉलेज में खुशी की लहर
जाखल, सच कहूँ/तरसेम सिंह। Jakhal News: कर्नल कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन, चुड़ल कलां के लिए गर्व की बात है कि बीपीएड प्रथम वर्ष की छात्रा प्रगति गोयल का 5वें एशियन यूनिवर्सिटी महिला सॉफ्टबॉल एशिया कप 2026 के लिए भारतीय महिला सॉफ्टबॉल टीम में चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से कॉलेज में खुशी का माहौल है।
सॉफ्टबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से 18 सितंबर 2026 को जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, प्रगति गोयल को भारतीय महिला टीम में चुना गया। चयन के बाद उन्होंने 7 से 21 सितंबर तक महाराष्ट्र के कोपरगांव स्थित संजीवनी यूनिवर्सिटी में आयोजित राष्ट्रीय टीम के प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया, जहां राष्ट्रीय कोचिंग स्टाफ की देखरेख में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया गया।
मेहनत और लगन का मिला परिणाम
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. लखविंदर सिंह ने प्रगति गोयल को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना किसी भी खिलाड़ी के लिए गर्व की बात है। प्रगति की सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
संस्था के प्रबंधक नरेश राठी और पूजा राठी ने भी प्रगति की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रगति एशिया कप में शानदार प्रदर्शन कर देश और कॉलेज का नाम रोशन करेंगी।
कॉलेज इंचार्ज कुलदीप शर्मा और समस्त स्टाफ ने भी प्रगति को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
“भारतीय महिला सॉफ्टबॉल टीम में चयन होना मेरे लिए गर्व और खुशी का पल है। इस उपलब्धि के लिए मैं अपने माता-पिता, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. लखविंदर सिंह, कोच और समस्त स्टाफ का दिल से आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने हमेशा मेरा हौसला बढ़ाया और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मेरा लक्ष्य एशियन यूनिवर्सिटी महिला सॉफ्टबॉल एशिया कप 2026 में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके देश का नाम रोशन करना है। मैं युवाओं, खासकर लड़कियों से कहना चाहती हूं कि वे अपने सपनों पर विश्वास रखें, मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ें। लगातार प्रयास और दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।”