31 किलो अफीम मामले में 5 हजार का इनामी सप्लायर गिरफ्तार
31 किलो अफीम मामले में 5 हजार का इनामी सप्लायर गिरफ्तार
कैथल, सच कहूँ न्यूज। Kaithal News: कैथल पुलिस ने वर्ष 2020 के 31 किलोग्राम अफीम बरामदगी मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी अशोक उर्फ शौकी निवासी संजय बस्ती, चीका को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 30 अप्रैल 2025 को न्यायालय द्वारा भगोड़ा घोषित किया गया था। डीएसपी गुहला हरदीप सिंह ने बताया कि 12 जून 2020 को पुलिस ने चीका की संजय बस्ती में रमेश कुमार के मकान पर कार्रवाई करते हुए एक किलोग्राम अफीम बरामद की थी। इसके बाद मकान की तलाशी लेने पर दीवान बेड में रखे दो प्लास्टिक कट्टों से 30 किलोग्राम अफीम और बरामद हुई।
मामले में जांच के दौरान सामने आया कि अफीम की सप्लाई अशोक उर्फ शौकी ने की थी। आरोपी वर्ष 2020 से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर हरियाणा पुलिस की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सीआईए गुहला प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार के नेतृत्व में पीएसआई सनेश की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पटियाला रोड, चीका से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ नशा तस्करी सहित पहले भी चार मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की पूछताछ जारी है और आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।