केसरीसिंहपुर में बिहार के बिछड़े चाचा से मिला परिवार
केसरीसिंहपुर में बिहार के बिछड़े चाचा से मिला परिवार
केसरीसिंहपुर, सच कहूँ न्यूज। Kesrisinghpur News: इंसानियत और सेवा की एक मिसाल राजस्थान के केसरीसिंहपुर में देखने को मिली, जहां सात दिन की देखभाल ने एक बिछड़े परिवार को फिर से खुशियां लौटा दीं। करीब दो महीने से लापता बिहार निवासी मंजय कुमार आखिरकार अपने परिजनों से मिल गए। जानकारी के अनुसार, करीब सात दिन पहले 23 एच गांव के पास मंजय कुमार अर्धनग्न अवस्था में घूमते मिले थे।
मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वे लोगों से उलझ रहे थे। ग्रामीण नरेंद्र सिंह ने उन्हें समझाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस उन्हें थाने ले आई, जहां से समाजसेवी राजेंद्र शर्मा इन्सां को उनकी जानकारी मिली। राजेंद्र शर्मा ने मानवीय पहल करते हुए सात दिनों तक उनके खाने-पीने, देखभाल और उपचार की व्यवस्था की। लगातार सेवा से उनकी हालत में सुधार हुआ। इसके बाद उन्होंने अपने संपर्कों के जरिए मंजय कुमार के परिवार का पता लगाया और परिजनों को सूचना दी।
मंजय को सुरक्षित देख परिवार की भर आई आंखें
खबर मिलते ही बिहार के सहरसा जिले से उनके भतीजे संजय कुमार वीरवार को केसरीसिंहपुर पहुंचे। पुलिस सत्यापन और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंजय कुमार को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। संजय कुमार ने बताया कि उनके चाचा काम के सिलसिले में घर से निकले थे, लेकिन फिर उनका कोई सुराग नहीं मिला। करीब दो महीने बाद सुरक्षित मिलने की खबर से पूरा परिवार खुश हो गया। राजेंद्र शर्मा ने बताया कि शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर सोसाइटी के माध्यम से जरूरतमंदों की सेवा की जाती है।