Hanumangarh Town Accident: बस की बाइक से आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत, दो गंभीर घायल

टाउन में टिब्बी रोड पर हुआ हादसा, चालक बस छोड़कर फरार

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। टाउन थाना क्षेत्र में टिब्बी रोड पर बस और मोटर साइकिल की आमने-सामने भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। टाउन थाना पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी रिपोर्ट में पम्मा सिंह (54) पुत्र लाभ सिंह नाई निवासी वार्ड नंबर 2, गुरुसर ने बताया कि 14 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे उसका छोटा भाई महेंद्र सिंह (40), बलजीत सिंह पुत्र नायब सिंह निवासी गुरुसर की मोटर साइकिल पर सवार होकर टाउन से गुरुसर की तरफ जा रहा था। मोटर साइकिल बलजीत सिंह चला रहा था, जबकि जगतार सिंह पुत्र करनैल सिंह निवासी गुरुसर भी उनके साथ था।

परिवादी के अनुसार, जब वे टिब्बी रोड पर नहर से कुछ आगे पहुंचे तो सामने से आ रही बस नंबर आरजे 31 पीए 5514 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में आकर मोटर साइकिल को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बलजीत सिंह और जगतार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती करवाया गया।

रिपोर्ट में परिवादी ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों को बस चालक के नशे में होने का संदेह था। दुर्घटना के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। टाउन थाना पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद रिपोर्ट के आधार पर बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार को सौंपी गई है।

About The Author

Related Posts