Hanumangarh Cleanliness Drive: न्यू हाउसिंग बोर्ड में दीपावली से पहले सफाई अभियान तेज

आवासन मंडल ने कहा-45 हेक्टेयर क्षेत्र की सफाई का टेंडर जयपुर भेजा

Published On

Hanumangarh Cleanliness Drive: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। जंक्शन के अबोहर मार्ग स्थित न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में दीपावली त्योहार को देखते हुए विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है। कॉलोनी में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ठेकेदार की ओर से अतिरिक्त श्रमिक लगाए गए हैं। इसके साथ ही लोडर के माध्यम से मलबे आदि का उठाव भी किया जाएगा। सफाई कार्य की राजस्थान हाउसिंग बोर्ड के सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता की ओर से नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा कमियां मिलने पर आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।

सफाई ठेकेदार शिव कुमार ने बताया कि दीपावली के दृष्टिगत विशेष सफाई अभियान पांच दिन तक चलाया जाएगा। उन्होंने कॉलोनीवासियों से सफाई व्यवस्था सुधारने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि उन्हें 15 दिन का समय दिया जाए। इसके बाद कॉलोनी में सफाई व्यवस्था को चकाचक कर दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से सफाई कार्य में किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न नहीं करने की अपील की। साथ ही मकान निर्माण के बाद निकलने वाले मलबे को सड़क पर नहीं डालने का आग्रह किया।

राजस्थान आवासन मंडल खंड हनुमानगढ़ के कार्यवाहक आवासीय अभियंता विनोद पचार ने बताया कि न्यू हाउसिंग बोर्ड में रोजमर्रा की सफाई, नालियों की सफाई और झाड़ू लगाने के लिए टेंडर किया हुआ है तथा ठेकेदार की ओर से श्रमिक लगाए गए हैं। दीपावली को देखते हुए अतिरिक्त मशीनरी लगाकर भी सफाई करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि न्यू हाउसिंग बोर्ड के करीब 45 हेक्टेयर क्षेत्र में सफाई के लिए टेंडर जयपुर भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही क्षेत्र में सफाई करवाई जाएगी। विनोद पचार ने बताया कि कॉलोनी में झाड़ियों की सफाई के लिए दीपावली के अवसर पर टेंडर निकालकर सफाई करवाई जाएगी। साफ-सफाई, नालियों की सफाई आदि कार्यांे के लिए सालाना करीब 9 से 10 लाख रुपए का टेंडर है।

मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध, सीवर का कार्य प्रक्रियाधीन

उन्होंने बताया कि न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में लाइट, बिजली, पानी सहित अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। नालियों की सफाई नहीं होने और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के संबंध में कॉलोनीवासियों की ओर से लगाए गए आरोप सही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कॉलोनी में नियमित रूप से सफाई हो रही है। सीवर का कार्य भी प्रक्रियाधीन है। कार्यवाहक आवासीय अभियंता ने बताया कि न्यू हाउसिंग बोर्ड में आवंटित करीब 70 प्रतिशत मकानों में लोग नहीं रह रहे हैं। राजस्थान आवासन मंडल की ओर से सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के बाद ही आवंटियों को मकान आवंटित किया जाता है।

About The Author

Related Posts