शिक्षा और रोजगार
श्रीगंगानगर भाजपा पदाधिकारियों ने जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से की मुलाकात
पंचायत चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने की विस्तृत चर्चा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
श्रीगंगानगर (सच कहूँ ब्यूरो)। श्रीगंगानगर भाजपा के प्रमुख पदाधिकारियों ने जयपुर में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जिले के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ आगामी पंचायत चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष शरणपाल सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घड़साना में चल रहे किसान आंदोलन को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वे स्वयं किसान के बेटे हैं और उनकी सरकार किसानों को उपलब्धता के आधार पर सिंचाईं पानी देने के लिए कृतसंकल्पित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलना ही चाहिए। किसानों को सिंचाई अधिकारियों के साथ मिलकर समन्वय बनाकर पानी की उपलब्धता के आधार पर अपना सिंचाई पानी लेना चाहिए। उन्होंने भाजपा के प्रतिनिधि मंडल से कहा कि वे भी इस संबंध में तुरंत अधिकारियों से मुलाकात कर किसानों को सिंचाई पानी उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास करें ।
चीफ इंजीनियर से मिले भाजपा पदाधिकारी, किसानों को पूरा पानी देने की रखी मांग
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद भाजपा पदाधिकारियों ने उनके निर्देशानुसार सिंचाई विभाग के चीफ इंजीनियर ओमप्रकाश मेहरड़ा से भी मुलाकात की और क्षेत्र के किसानों को निर्धारित हिस्से का पूरा पानी उपलब्ध करवाने की मांग रखी। चीफ इंजीनियर ओमप्रकाश मेहरड़ा ने भी उम्मीद जताई कि किसानों को तय समय पर पूरा पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुछ डेमों में पानी की उपलब्धता कम है, लेकिन सरकार की मंशा किसानों को संवेदनशीलता के साथ पूरा पानी उपलब्ध करवाने की है।
उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि वे किसानों के साथ हैं तथा किसानों को पूरा पानी उपलब्ध करवाने के लिए जो भी अपेक्षित कदम उठाए जाने आवश्यक होंगे, उन्हें उठाया जाएगा। इस अवसर पर श्रीगंगानगर भाजपा जिला अध्यक्ष शरणपाल सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, श्रीगंगानगर विधायक जयदीप बिहानी, सादुलशहर विधायक गुरवीर सिंह बराड़, प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी विजेंद्र पूनिया, अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष निहालचंद मेघवाल, पूर्व मंत्री रामप्रताप कासनिया, पूर्व उपमुख्य सचेतक ओपी महेद्रा, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष आत्माराम तरड़़, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी प्रियंका बैलान, पूर्व विधायक बलबीर सिंह लूथरा, पूर्व विधायक संतोष बावरी, पूर्व विधायक अशोक नागपाल, पूर्व विधायक लालचंद मेघवाल, पूर्व विधायक शिमला बावरी, प्रदेश कार्य समिति सदस्य महेश पेड़ीवाल, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सतपाल कासनिया, पृथ्वीपाल संधू रामप्रकाश गोदारा व पेप सिंह राठौड़ उपस्थित रहे।