शिक्षा और रोजगार
Rajasthan Cricket News: अंडर-23 क्रिकेट में परखी जिले के खिलाड़ियों की प्रतिभा
करीब 100 खिलाड़ियों ने दिया ट्रायल, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का मिलेगा मौका
Rajasthan Cricket News: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला क्रिकेट संघ हनुमानगढ़ की ओर से शुक्रवार को अंडर-23 पुरुष क्रिकेट टीम के चयन के लिए जंक्शन स्थित जिला क्लब क्रिकेट मैदान में ट्रायल आयोजित किया गया। ट्रायल में जिलेभर से करीब 100 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी क्रिकेट प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया में कोच सुनील गोदारा, बलविन्द्र खोसा और कन्हैया पारीक ने चयनकर्ता की भूमिका निभाते हुए खिलाड़ियों के प्रदर्शन को परखा।
जिला क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित इस ट्रायल के माध्यम से उदयपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय अंडर-23 प्रतियोगिता के लिए हनुमानगढ़ जिले की प्रतिनिधि टीम का चयन किया गया। प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ की टीम के खिलाड़ी अपने प्रदर्शन के आधार पर आगे राज्य स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्राप्त करेंगे। कोच सुनील गोदारा ने बताया कि उदयपुर में प्रतियोगिता के दौरान तीन लीग मैच खेले जाएंगे। इन मुकाबलों के प्रदर्शन के आधार पर आगे प्री-क्वार्टर फाइनल और क्वार्टर फाइनल मुकाबले होंगे। इसके बाद राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से 5 अक्टूबर से आयोजित की जाने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली स्टेट टीम के लिए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
उन्होंने बताया कि अंडर-19 और सीनियर वर्ग की प्रतियोगिताओं में अवसर से वंचित रह जाने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अंडर-23 वर्ग के ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए आगे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की टीमों में चयन का रास्ता खुल सकता है। कोच सुनील गोदारा ने बताया कि हनुमानगढ़ जिले से इससे पहले भी अंडर-23 टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुकी है। जिले के खिलाड़ी प्रशांत माली राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा ट्रायल भी जिले के युवा क्रिकेटरों के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने और आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। चयन समिति के चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
