Stubble Storage Fire: पराली में लगी भीषण आग से किसान को 50 लाख का नुकसान, 4 ट्रॉलियां भी जलकर राख

खन्ना-मालेरकोटला सीमा के पास गाँव रौणी में किसान द्वारा इकट्ठी की गई पराली में लगी भीषण आग

Published On

लुधियाना/खन्ना, सच कहूँ/सुरेन्द्र कुमार शर्मा। किसान पहले ही खेती की बढ़ती लागत और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है, लेकिन जब साल भर की मेहनत से इकट्ठी की गई फसल या खेती से जुड़ा सामान आग की भेंट चढ़ जाए तो उसकी भरपाई करना आसान नहीं होता। ऐसा ही एक मामला मंगलवार को खन्ना और मालेरकोटला के बीच स्थित गांव रौणी से सामने आया है, जहाँ एक किसान द्वारा इकट्ठी करके रखी गई पराली की गांठों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पराली की गांठें जलकर राख हो गई। इसके साथ ही वहाँ खड़ी चार ट्रॉलियाँ भी आग की चपेट में आ गई।  

किसान परिवार ने इस घटना में करीब 50 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया है। हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन परिवार के लिए यह नुकसान बड़ा आर्थिक झटका बन गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद खन्ना और मलेरकोटला से दमकल विभाग की गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। हालांकि आग इतनी भयानक थी कि दमकल गाड़ियों के पहुंचने तक पराली और ट्रॉलियों का बड़ा हिस्सा जल चुका था। मौके पर आग की ऊंची लपटों और धुएँ के कारण इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इस मामले का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि किसान हरमनजोत सिंह और उसके परिवार के सदस्यों बलजिन्द्र सिंह तथा सिमरजोत सिंह के अनुसार, पिछले साल भी उनकी इकट्ठी की गई पराली में आग लग गई थी।

उस समय भी परिवार को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने उधार और बैंक से कर्ज लेकर दोबारा अपना काम शुरू किया और काफी मेहनत से फिर से पराली इकट्ठी की थी, लेकिन इस बार फिर आग लगने से उनकी सारी मेहनत पर पानी फिर गया। परिवार का कहना है कि लगातार दूसरी बार हुए इस नुकसान ने उन्हें आर्थिक रूप से बेहद मुश्किल में डाल दिया है।

परिवार ने जताया साजिश का शक

परिवार ने इस बार आग लगने के पीछे किसी साजिश का शक जताया है। उन्होंने इस संबंध में पुलिस को शिकायत देकर मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है। परिवार का कहना है कि लगातार दो साल ऐसी घटना होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनके जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है और साजिश के शक की जांच होना बाकी है।

पुलिस से जांच व सरकार से मुआवजे की मांग

किसान परिवार ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि नुकसान का जायजा लेकर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। परिवार का कहना है कि पहले हुए नुकसान के बाद उन्होंने कर्ज लेकर दोबारा काम शुरू किया था, लेकिन दूसरी बार हुए बड़े नुकसान ने उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में आग लगने के कारणों को लेकर क्या सामने आता है और प्रशासन प्रभावित किसान परिवार की मदद के लिए क्या कदम उठाता है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts