‘आपकी पराली बनेगी पंजाब की पावर’ मुहिम शुरू

वेदांता पावर धान की पराली के प्रबंधन के बारे में फैला रहा जागरूकता

Published On

मानसा, सच कहूँ न्यूज। Mansa News: वेदांता पावर ने धान की पराली को खेतों में जलाने की बजाय उसके उचित प्रबंधन के लिए विशेष मुहिम शुरू की है। वेदांता द्वारा ‘आपकी पराली बनेगी पंजाब की पावर’ मुहिम के तहत किसानों को जागरूक करने के साथ-साथ पराली के टिकाऊ प्रबंधन के तरीकों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। इस मुहिम का उद्देश्य धान की पराली को संभालने और उसका उपयोग करने के तरीकों में बदलाव को प्रोत्साहित करना है। धान की पराली जलाने के दुष्प्रभाव केवल इससे निकलने वाले तत्काल धुएं तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि इसके कई अन्य गंभीर परिणाम भी हैं।

इस प्रक्रिया के दौरान हवा में छोड़े जाने वाले बारीक कणों, कार्बन मोनोआॅक्साइड सहित अन्य हानिकारक गैसों और प्रदूषकों से वायु गुणवत्ता खराब होती है तथा सांस संबंधी और हृदय रोगों का खतरा बढ़ जाता है। खेतों को जल्दी साफ करने का आसान तरीका समझी जाने वाली पराली जलाने की यह प्रथा मानव स्वास्थ्य, पर्यावरण और मिट्टी की दीर्घकालीन उत्पादकता के लिए गंभीर नुकसान का कारण बनती है। वेदांता के अधिकारियों ने कहा कि ‘आपकी पराली बनेगी पंजाब की पावर’ मुहिम के माध्यम से कंपनी इन दुष्परिणामों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पराली प्रबंधन के टिकाऊ तरीकों को प्रोत्साहित करना चाहती है। इस मुहिम के माध्यम से किसानों, निर्माताओं, बायोमास प्रोसेसरों, संभावित खरीदारों, उद्यमियों, शोध संस्थानों,

थिंक टैंकों और तकनीकी विशेषज्ञों को एक साझा मंच पर लाया जाएगा। ये समाधान खुले खेतों में पराली जलाने पर निर्भरता कम करने के साथ-साथ कृषि अपशिष्ट से आर्थिक मूल्य पैदा करने के अवसर भी प्रदान करते हैं। सभी हितधारकों को एक मंच पर लाकर यह पहल नए समाधानों और उन्हें व्यावहारिक रूप से अपनाने के बीच की दूरी को कम करने का प्रयास करती है।

टीएसपीएल ने 2025-26 में बड़े स्तर पर की बायोमास की को-फायरिंग

मानसा स्थित वेदांता के तलवंडी साबो थर्मल प्लांट में बायोमास को-फायरिंग के क्षेत्र में वेदांता पावर का अनुभव इस बात का ठोस उदाहरण है कि कृषि अपशिष्ट का किस तरह लाभकारी उपयोग किया जा सकता है। प्लांट ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 3,60,347.7 मीट्रिक टन बायोमास की को-फायरिंग की, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान यह मात्रा 26,099 मीट्रिक टन थी। वित्त वर्ष 2025-26 में प्लांट की कुल र्इंधन खपत में बायोमास की हिस्सेदारी लगभग 5.21 प्रतिशत रही। यह रुझान वित्त वर्ष 2026-27 में भी जारी है और 31 अक्तूबर 2026 तक 2,48,075.44 मीट्रिक टन बायोमास की को-फायरिंग की जा चुकी है।

पराली में उद्योगों के लिए मूल्यवान संसाधन बनने की क्षमता: आहूजा

इस मुहिम पर टिप्पणी करते हुए वेदांता पावर लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) राजेन्द्र सिंह आहूजा ने कहा कि पराली जलाने की समस्या का समाधान केवल मौजूदा प्रथा को रोकने के लिए प्रोत्साहित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए जागरूकता पैदा करने, वैकल्पिक समाधान विकसित करने और ऐसा माहौल बनाने की जरूरत है, जिससे किसान बेहतर विकल्पों को अपना सकें। उन्होंने कहा कि धान की पराली में कई उद्योगों के लिए एक मूल्यवान संसाधन बनने की क्षमता है, लेकिन इस क्षमता को हकीकत में बदलने के लिए किसानों, उद्योगों, शोधकर्ताओं और अन्य हितधारकों के बीच अधिक सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बायोमास को-फायरिंग में उनका अनुभव ऐसा ही एक रास्ता दिखाता है। उम्मीद है कि इससे अन्य संभावनाओं की तलाश में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी को प्रोत्साहन मिलेगा।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts