Chhath Festival News: छठ पर्व से पहले सजी आस्था की तैयारी, स्वच्छ जल से भरा घाट
पूर्वांचलवासियों की सुविधा के लिए दुरुस्त की जा रहीं व्यवस्थाएं
हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। छठ पर्व को लेकर जंक्शन शहर के वार्ड नंबर 57 में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए छठ घाट की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा प्रतिनिधि विकास शर्मा की ओर से शुक्रवार को घाट पर विशेष सफाई अभियान चलवाया गया। साथ ही घाट में साफ एवं स्वच्छ जल भरवाने की व्यवस्था भी करवाई गई, ताकि छठ पर्व के दौरान व्रतधारी महिलाओं और पूर्वांचलवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। छठ पर्व को लेकर वार्ड में पूर्वांचलवासियों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
पर्व के दौरान बड़ी संख्या में पूर्वांचलवासी घाट पर पहुंचकर अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे तथा परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना करेंगे। इसे देखते हुए घाट की स्वच्छता, साफ पानी और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। भाजपा प्रतिनिधि विकास शर्मा ने बताया कि छठ पर्व आस्था, श्रद्धा और लोक परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है। इस पर्व पर घाट पर आने वाले पूर्वांचलवासियों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाना आवश्यक है।
इसी उद्देश्य से घाट की सफाई करवाने के साथ ही उसमें स्वच्छ जल भरवाया गया है, ताकि व्रतधारी महिलाएं और पूर्वांचलवासी सुविधाजनक एवं सुरक्षित माहौल में धार्मिक परंपराओं का निर्वहन कर सकें। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों की सफलता में स्वच्छता और जनसहयोग की अहम भूमिका रहती है। छठ पर्व पर पूर्वांचलवासियों की संख्या को देखते हुए घाट पर आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं वार्डवासियों ने पर्व से पहले सफाई अभियान चलाने और स्वच्छ जल की व्यवस्था करवाने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि समय रहते की गई तैयारियों से पर्व के दिन पूर्वांचलवासियों को काफी सुविधा मिलेगी।
Comments