Makkasar Sarpanch News: मक्कासर की नवनिर्वाचित सरपंच का विधायक गणेश राज बंसल के निवास पर सम्मान
गांव की तस्वीर बदलने का संकल्प, पानी निकासी और नशे की समस्या से निपटना रहेगी प्राथमिकता
Makkasar Sarpanch Rajandeep Kaur: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। मक्कासर ग्राम पंचायत से नवनिर्वाचित सरपंच राजनदीप कौर पत्नी सुखचैन सिंह सिद्धू का शनिवार को जंक्शन स्थित विधायक गणेश राज बंसल के निवास पर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। राजनदीप कौर टीम गणेश राज बंसल की प्रत्याशी थीं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 931 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर सरपंच पद पर जीत दर्ज की।
इस मौके पर विधायक के अलावा नगर परिषद उपसभापति सोनू बंसल, पूर्व चेयरमैन संतोष बंसल सहित काफी संख्या में ग्रामीण एवं टीम गणेश राज बंसल के सदस्य मौजूद रहे। विधायक गणेश राज बंसल ने राजनदीप कौर को जीत की बधाई देते हुए कहा कि मक्कासर के मतदाताओं ने योग्य प्रत्याशी का चयन कर सराहनीय निर्णय लिया है। उन्होंने नवनिर्वाचित सरपंच से गांव में बेहतर विकास कार्य करवाने का आह्वान किया तथा विकास कार्यांे के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
सरपंच प्रतिनिधि सुखचैन सिंह ने जीत दिलाने पर मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि मतदाताओं के मान-सम्मान में कभी कमी नहीं आने दी जाएगी। वे सदैव ग्रामीणों के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि गांव में विकास कार्यांे की कमी को पूरा करना प्राथमिकता रहेगी। पिछले कुछ समय से अटके और अधूरे पड़े कार्यांे को पूरा करवाने के साथ नए विकास कार्य भी करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मक्कासर गांव में पानी निकासी की समस्या प्रमुख है। इसके अलावा युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति भी गंभीर चिंता का विषय है। इन दोनों समस्याओं के समाधान के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
Comments