जयपुर नगर निगम ने किया "दिवाली खुशियों वाली" का ऐलान

विजेताओं को मिलेंगे बंपर इनाम

Published On

जयपुर, सच कहूँ न्यूज़। गुलाबी नगरी की दिवाली को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाने के लिए जयपुर नगर निगम ने एक अनूठी पहल की है। महापौर सुनील कोठारी ने नगर निगम मुख्यालय में "दिवाली खुशियों वाली– विशेष आयोजन 2026" की घोषणा की है। यह भव्य उत्सव 31 अक्टूबर से 11 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पूरे शहर के नागरिकों, व्यापारियों और संस्थानों को भागीदार बनने का न्योता दिया गया है। ऑनलाइन पोर्टल jaipurdiwali.com पर प्रविष्टियां भेजने की शुरुआत हो चुकी है, जो 11 नवंबर 2026 तक जारी रहेगी।

आकर्षण का केंद्र बनेंगे ड्रोन शो और आतिशबाज़ी

इस विशेष आयोजन के तहत स्वच्छता और उत्सव के रंग बिखेरते पाँच प्रमुख कार्यक्रम तय किए गए हैं।ऑपरेशन क्लीन स्वीप 2.0 के तहत 31 अक्टूबर को सभी 150 वार्डों और 13 ज़ोन में एक साथ व्यापक सफाई अभियान चलाकर इसकी शुरुआत की गई। इसके बाद सफाई सेवा मैराथन 2.0 के तहत 5 नवंबर (गुरुवार) को सफाई कर्मचारी, पार्षद और आम जनता मिलकर सामूहिक श्रमदान करेंगे।

इसे बाद7 नवंबर रात 9 बजे विधानसभा के ऊपर आसमान में ड्रोन से आकर्षक आकृतियां और रोशनी के संदेश उकेरे जाएंगे। 8 नवंबर रात 9:30 बजे विधानसभा से होने वाली आतिशबाज़ी पूरे शहर के आसमान को रोशन करेगी। दिवाली के दिन (8 नवंबर) को शहर की गलियों, हवेलियों और स्मारकों को मिट्टी के दीयों, रंगोली और गेंदे के तोरण से सजाया जाएगा।

वार्डों को मिलेंगे ₹1.80 करोड़ के बजट

नगर निगम द्वारा 7 अलग-अलग श्रेणियों में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। उपमहापौर सरोज कंवर और आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि प्रतियोगिताओं की प्रविष्टियां ऑनलाइन ली जा रही हैं। वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता के तहत शीर्ष 10 विजेता वार्डों को कुल ₹1.80 करोड़ के अतिरिक्त विकास कार्य पुरस्कार स्वरूप दिए जाएंगे। इसके तहतप्रथम पुरस्कार स्वरूप विजेता वार्ड में ₹51 लाख के विकास कार्य, द्वितीय पुरस्कार विजेता वार्ड में ₹31 लाख तथा तृतीय पुरस्कार वेजेता वार्ड में ₹21 लाख के अतिरिक्त विकास कार्य करवाएं जाएंगे। वहीं, चतुर्थ से दसवां स्थान प्राप्त करने वाले  7 वार्डों में  ₹11-11 लाख के विकास कार्य होंगे।

आमजन और व्यापारियों के लिए सजावट प्रतियोगिताएं

घरों को बेस्ट पारंपरिक या लाइटिंग/एलईडी से सजाने वालों को इलेक्ट्रिक दोपहिया (EV), LED टीवी और स्मार्टफोन जीतने का मौका मिलेगा। दुकानें, मॉल, होटल, स्कूल, अस्पताल और सरकारी दफ्तरों को उनकी सर्वश्रेष्ठ सजावट के लिए प्रशंसा स्मृति-चिह्न व प्रमाण-पत्र मिलेंगे। वहीं, परकोटा और ग्रेटर क्षेत्र के बाजारों के लिए भी विशेष पुरस्कार तय किए गए हैं।

ऐसे लें भाग

प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रतिभागियों को आधिकारिक पोर्टल jaipurdiwali.com पर जाकर चार आसान चरणों में अपनी प्रविष्टि दर्ज करनी होगी। ध्यान रहे, घरों और दुकानों की तस्वीरें पोर्टल के लाइव कैमरे से ही खींची जा सकेंगी, जबकि वार्ड और बाजारों के लिए गैलरी से फोटो अपलोड करने की छूट होगी।


About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts