Municipal Council News: वार्ड 54 में समस्याओं का अंबार, सभापति-उपसभापति के सामने छलका लोगों का दर्द
टूटी सड़कें, बदहाल सफाई और बंद स्ट्रीट लाइटों ने बढ़ाई परेशानी, रिकारपेट का काम अटका होने पर ठेकेदार को अल्टीमेटम देने की मांग
Manju Ranwa’s Ward Visit: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर की सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए नगर परिषद सभापति मंजू रणवां और उपसभापति सोनू बंसल का वार्ड भ्रमण शुक्रवार को भी जारी रहा। इस दौरान उन्होंने जंक्शन शहर के वार्ड 54 का दौरा कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा वार्डवासियों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं। भ्रमण के दौरान वार्ड पार्षद लाजवंती देवी और पूर्व पार्षद सुनील अमलानी भी साथ रहे। वार्डवासियों ने सभापति-उपसभापति के समक्ष समस्याओं की झड़ी लगा दी।
लोगों ने बताया कि नगर परिषद में करीब डेढ़ साल तक प्रशासक रहने के कारण वार्ड की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। सफाई कर्मचारियों की कमी के चलते नियमित सफाई नहीं हो पा रही। इसके अलावा पार्कांे की बदहाल स्थिति, स्ट्रीट लाइटों की समस्या और टूटी सड़कों के कारण भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। वार्डवासियों ने टूटी सड़कों का मुद्दा उठाते हुए बताया कि लंबे समय से सड़कों का निर्माण नहीं हो रहा। रिकारपेट का टेंडर होने के बावजूद संबंधित ठेकेदार की ओर से काम शुरू नहीं किया जा रहा। लोगों ने मांग की कि ठेकेदार को कार्य शुरू करने के लिए समय सीमा दी जाए। इसके बावजूद काम नहीं होता है तो टेंडर निरस्त कर नए सिरे से टेंडर जारी कर वर्क ऑर्डर करवाते हुए निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।
सभापति मंजू रणवां ने वार्डवासियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करवाया जाएगा। नगर परिषद का नवनिर्वाचित बोर्ड शहर के सभी वार्डांे में समान रूप से विकास कार्य करवाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद कर्मचारियों की कमी की समस्या भी दूर हो जाएगी। वहीं, स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था को लेकर सभापति-उपसभापति ने संबंधित उच्चाधिकारियों को जल्द आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वार्ड में क्षतिग्रस्त विद्युत पोल का मामला सामने आने पर सभापति ने बिजली विभाग के सहायक अभियंता को दूरभाष पर इसकी जानकारी दी। इस पर एईएन ने जल्द ही क्षतिग्रस्त पोल बदलवाने का आश्वासन दिया। पूर्व पार्षद सुनील अमलानी ने कहा कि वार्ड भ्रमण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी वार्डवासी को मूलभूत समस्याओं से जूझना न पड़े। वार्डवासियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाकर उनका जल्द समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा।
Comments