Chhath Preparations: छठ पर्व से पहले कोहला नहर की बदहाली आई सामने, पूजन सामग्री और कचरे से पुल जाम
13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा छठ महापर्व, सफाई और लाइटिंग व्यवस्था करवाने की मांग
Kohla Canal Cleaning: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। क्षेत्र में छठ महापर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। टाउन क्षेत्र के पूर्वांचलवासियों की ओर से 13 से 16 नवंबर तक कोहला नहर पर छठ पर्व मनाया जाएगा। इससे पहले नहर में जमा गंदगी और पूजन सामग्री ने आयोजन की तैयारियों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार को मिथिला सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कोहला नहर पर पहुंचकर सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान नहर में बड़ी मात्रा में पूजन सामग्री और कचरा जमा मिला।
समिति ने नगर परिषद एवं नहरी विभाग से तत्काल नहर की सफाई करवाने की मांग की। समिति प्रवक्ता श्याम दास ने बताया कि नहर में काफी मात्रा में कचरा जमा होने के कारण कोहला के पास स्थित नहर का पुल जाम हो चुका है। इससे पानी के बहाव में भी बाधा आ रही है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नहरी विभाग को समय-समय पर नहर की सफाई करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु नहर पर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। ऐसे में पर्व से पहले नहर और आसपास के क्षेत्र की सफाई बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पूजन सामग्री नहर में प्रवाहित न करें, ताकि जलस्रोत को गंदा होने से बचाया जा सके।
साथ ही नगर परिषद प्रशासन से नहर के पास की गई तारबंदी हटवाने की मांग की, ताकि सफाई कार्य में समिति को सहयोग मिल सके। उन्होंने नहर के आसपास रोशनी के लिए लाइटिंग की समुचित व्यवस्था करवाने की भी मांग रखी। श्याम दास ने बताया कि इस संबंध में नगर परिषद सभापति से बातचीत हुई है। सभापति ने जल्द ही मौके का निरीक्षण करने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर श्री मिथिला सेवा समिति अध्यक्ष बलदेव दास, उपाध्यक्ष प्रमोद यादव, सचिव अशोक गौतम, कृष्ण मूर्तिकर, शास्त्री कृष्ण मुरारी, राजा मंडल, रणजीत पासवान, अजय यादव, रोहित ठाकुर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
Comments