Environment Protection News: साइकिलिंग, योग और पौधारोपण से दिया स्वस्थ जीवन व पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कोहला टोल प्लाजा पर रिडकोर ने मनाया 'सस्टेनेबल लाइफस्टाइल सप्ताह'
Sustainable Lifestyle Week: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी ऑफ राजस्थान (रिडकोर) की ओर से 'सस्टेनेबल लाइफस्टाइल सप्ताह' मनाया गया। इसके तहत हनुमानगढ़-रतनगढ़ मेगा हाइवे (एचके-1) स्थित कोहला टोल प्लाजा पर साइकिलिंग, योग, ध्यान और पौधारोपण सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कोहला टोल प्लाजा के रिडकोर मैनेजर राजेंद्र कुमार एवं हनुमानगढ़ साइकिलिंग क्लब ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत टोल प्लाजा प्रबंधक राजेंद्र कुमार, टोल प्लाजा स्टाफ और साइकिलिंग क्लब के सदस्यों की ओर से साइकिल रैली निकालकर की गई। रैली के माध्यम से आमजन को नियमित साइकिलिंग अपनाने, शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन साधनों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया। साइकिल रैली के बाद योग एवं ध्यान सत्र आयोजित किया गया। इसमें शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति और संतुलित जीवनशैली के महत्व पर जोर दिया गया।
इसके पश्चात कोहला टोल प्लाजा की बाहरी परिधि में व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया। पौधारोपण के माध्यम से हरित वातावरण विकसित करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया। आयोजन में रिडकोर के उच्चाधिकारियों, कोहला टोल प्लाजा के स्टाफ और हनुमानगढ़ साइकिलिंग क्लब के सदस्यों ने भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने दैनिक जीवन में स्वस्थ एवं टिकाऊ जीवनशैली अपनाने, अनावश्यक संसाधन खपत कम करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
Comments