तीन साल से अधूरी पड़ी संगरिया रोड का निर्माण आखिरकार शुरू, लोगों की परेशानी होगी दूर
सीवरेज लाइन बिछाने के लिए कंपनी ने की थी सड़क की खुदाई, कार्य पूरा होने के बाद नहीं करवाया था तोड़े गए हिस्से का निर्माण
Sangaria Road Construction: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। जंक्शन क्षेत्र में लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी संगरिया रोड के निर्माण का कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। करीब तीन साल से अधूरी पड़ी इस सड़क पर निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों और वाहन चालकों ने राहत की उम्मीद जताई है। लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग उठने के बावजूद काम शुरू नहीं होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अब निर्माण कार्य शुरू होने से उम्मीद है कि जल्द ही इस मार्ग पर सुगम और सुरक्षित यातायात की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। करीब तीन साल पहले सीवरेज लाइन बिछाने के लिए कंपनी ने सड़क की खुदाई की थी, लेकिन काम पूरा होने के बाद चूना फाटक के पास सड़क को दोबारा नहीं बनाया गया था। इसके चलते यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब नगर परिषद की ओर से इस अधूरे हिस्से का निर्माण शुरू करवाया गया है।

सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल ने संगरिया रोड के निर्माण का मुद्दा लगातार प्रशासन के समक्ष उठाया। उन्होंने इस संबंध में पूर्व में एक बार जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर सड़क का निर्माण शीघ्र करवाने की मांग की थी। इसके अलावा दो बार शहरी सेवा शिविर एवं सेवा सेतु अभियान-2026 के दौरान भी ज्ञापन सौंपकर प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किया था। बहल का कहना था कि लंबे समय से सड़क अधूरी होने के कारण आमजन को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
बड़ी समस्या के समाधान की दिशा में बढ़ा कदम
गौरतलब है कि संगरिया रोड पर क्राउन सिटी से काच्छी फार्म हाउस तक सड़क निर्माण का कार्य करीब तीन साल से अधूरा पड़ा था। सड़क पर केवल पत्थर बिछाकर काम रोक दिया गया था। डामरीकरण नहीं होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहनों के चलते दिनभर धूल-मिट्टी उड़ती रहती थी। वहीं सड़क पर बिखरे पत्थरों के कारण दुपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को विशेष परेशानी होती थी। असमतल सड़क और आवागमन की स्थिति के चलते वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ता था।
स्थानीय लोगों को भी लंबे समय से इस मार्ग के जल्द निर्माण की प्रतीक्षा थी। अब संगरिया रोड का निर्माण शुरू होने से जंक्शन क्षेत्र की सड़क संबंधी एक बड़ी समस्या के समाधान की दिशा में कदम बढ़ा है। सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल की ओर से लंबे समय तक उठाए गए इस मुद्दे के बाद कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में भी संतोष है। लोगों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करवाएगा, ताकि उन्हें लंबे समय से चली आ रही परेशानी से स्थाई राहत मिल सके।
Comments