Panchayat Election News: पंचायतीराज चुनाव के चौथे चरण को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर
जिला निर्वाचन अधिकारी व एसपी ने पुलिस लाइन में चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों-जवानों को किया ब्रीफ
हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। पंचायतीराज चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न करवाने के लिए जिला पुलिस एवं प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस जाप्ते को अलर्ट किया गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस लाइन में चुनाव ड्यूटी में नियुक्त अधिकारियों एवं जवानों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव तथा जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ब्रीफिंग में अधिकारियों ने कहा कि जिस प्रकार तृतीय चरण का मतदान पुलिस एवं प्रशासन के आपसी समन्वय, सतर्कता और मुस्तैदी से शांतिपूर्ण संपन्न करवाया गया, उसी तरह चतुर्थ चरण में भी पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर समय पर पहुंचें और निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें।
अधिकारियों ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना करवाने के निर्देश दिए। मतदान केन्द्रों एवं उनके आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। मतदान केन्द्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने तथा निर्धारित 200 मीटर की परिधि से संबंधित निर्वाचन नियमों की सख्ती से पालना करवाने की हिदायत दी गई। इसके अलावा मतदान केन्द्रों के अंदर मोबाइल फोन के उपयोग पर प्रतिबंध संबंधी नियमों की पालना सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने असामाजिक तत्वों और चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने की आशंका वाले व्यक्तियों पर नजर रखने तथा किसी भी अवांछित गतिविधि की सूचना मिलते ही प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
मोबाइल पार्टियों और सेक्टर अधिकारियों में बेहतर तालमेल के निर्देश
ब्रीफिंग में मतदान केन्द्रों पर तैनात पुलिस जाप्ते, मोबाइल पार्टियों और सेक्टर अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय एवं संचार व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार का विवाद, समस्या या कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति सामने आने पर संबंधित अधिकारी तत्काल आपसी समन्वय स्थापित करें और उच्चाधिकारियों को सूचना देकर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करें। पुलिस जवानों को आमजन और मतदाताओं के साथ शालीन व्यवहार रखने तथा मतदान केन्द्रों पर शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की हिदायत दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक मतदाता को बिना किसी दबाव, भय या प्रलोभन के स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए। चुनाव ड्यूटी में लगे सभी कार्मिक पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और मुस्तैदी से काम करें। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ अरविंद बिश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सेक्टर नोहर गीता चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (त्वरित अनुसंधान दल) राजकंवर सहित जिले के वृत्ताधिकारी, थाना प्रभारी तथा चुनाव ड्यूटी में नियुक्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Comments