Rawatsar Dowry Case: शादी के 10 दिन बाद ही 20 लाख रुपए और कार के लिए प्रताड़ना का आरोप
बीमार पत्नी को पीहर छोड़ गया पति, पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज
Rajasthan Dowry Case: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। रावतसर निवासी एक विवाहिता ने अपने पति, सास और ससुर पर दहेज में 20 लाख रुपए नकद और कार की मांग को लेकर शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के महज 10 दिन बाद ही ससुराल पक्ष ने कम दहेज लाने के ताने देने शुरू कर दिए थे। उसे भूखा रखने, बीमारी में इलाज नहीं करवाने और मारपीट करने के साथ मायके पक्ष से बातचीत करने पर भी रोक लगाई गई। पीड़िता की शिकायत पर रावतसर थाना पुलिस ने पति सहित तीन जनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार वार्ड नंबर 26, रावतसर निवासी दिव्या (31) पुत्री चन्द्रसिंह राजपूत का विवाह 4 दिसम्बर 2022 को हरियाणा के महेन्द्रगढ़ जिले के श्यामपुरा निवासी शुभम सिंह के साथ हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि शादी के महज 10 दिन बाद ही पति शुभम, सास शायर कंवर और ससुर नरेश सिंह कम दहेज लाने के ताने देने लगे और 20 लाख रुपए नकद व कार की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती तथा उसे भूखा रखा जाता था।
पीड़िता के अनुसार सास उसे मायके वालों से फोन पर बात नहीं करने देती थी और पति को उसके खिलाफ भड़काती थी। बीमारी के दौरान भी ससुराल पक्ष ने उसका उचित इलाज नहीं करवाया। गंभीर हालत में उसे अजमेर के अस्पताल में भर्ती करवाने के बाद 11 मई 2023 को पति उसे बीमारी की हालत में रावतसर स्थित पीहर छोड़ गया। इसके बाद पिता ने बीकानेर में न्यूरो विशेषज्ञ से उसका उपचार करवाया। दिव्या ने बताया कि जनवरी 2025 में पति के साथ हनुमानगढ़ जंक्शन की क्राउन सिटी कॉलोनी में रहने लगी। बाद में जून 2025 में वे सूरतगढ़ की एसडीडी कॉलोनी में रहने चले गए, लेकिन वहां भी दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ना जारी रही।
आरोप है कि 16 अगस्त 2025 को सास-ससुर के आने के बाद लगातार सात दिन तक उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। बाद में उसे बीमार हालत में अकेला छोड़कर चले गए। इसके बाद माता-पिता उसे रावतसर ले आए और तब से वह पीहर में रह रही है। पीड़िता ने पति शुभम सिंह, ससुर नरेश सिंह और सास शायर कंवर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा स्त्रीधन वापस नहीं लौटाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक मुकेश कुमार को सौंपी है।
Comments