शिक्षा और रोजगार
Food Safety Drive: 25 दिन में 2 हजार किलो दूषित खाद्य सामग्री नष्ट, 9836 किलो सीज
टोबेको फ्री यूथ कैंपेन 4.0 शुरू - जिले में 17745 नशे के आदी लोग चिह्नित
Hanumangarh Food Safety Drive: हनुमानगढ़। दीपावली के मद्देनजर शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक 128 निरीक्षण कर 165 सैंपल लिए गए हैं। इस दौरान करीब 2 हजार किलो दूषित खाद्य सामग्री नष्ट करवाई गई, जबकि 9836 किलो सामग्री सीज की गई। शुक्रवार को स्वास्थ्य भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संग्रहित सैंपलों में से 60 सर्विलांस सैंपल हैं।
पूर्व में लिए गए नमूनों में 13 अनसेफ पाए गए, जिनमें 7 प्रकरण एसीजेएम कोर्ट में लंबित तथा 6 प्रक्रियाधीन हैं। अब तक 49 प्रकरणों में फैसला हो चुका है और 12 लाख 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। डॉ. शर्मा ने बताया कि राज्य में 28 अक्टूबर से 26 दिसम्बर तक टोबेको फ्री यूथ कैंपेन 4.0 चलाया जा रहा है। जिले में इसकी शुरुआत 6 नवम्बर से हुई है। अभियान के तहत तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता, शिक्षण संस्थानों एवं ग्राम पंचायतों को तंबाकू मुक्त बनाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कोटपा अधिनियम के तहत कार्रवाई पर जोर दिया जाएगा।
बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के 100 गज के दायरे में चालान किए जाएंगे तथा सरस बूथों पर तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए जांच होगी। उन्होंने बताया कि एएनएम और आशा सहयोगिनियों के घर-घर सर्वे में जिले में 17,745 नशे से ग्रस्त व्यक्ति चिह्नित किए गए हैं। टेली मानस हेल्पलाइन नंबर 18008914416 के प्रचार के लिए 2036 सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों और 500 चिकित्सा संस्थानों में फ्लेक्स लगाए गए हैं। नशे के खिलाफ मुहिम और ऑनलाइन शपथ के मामले में हनुमानगढ़ जिला राजस्थान में प्रथम स्थान पर रहा है।
नशा मुक्ति शिविरों में 38 लोगों ने छोड़ा नशा
अप्रैल से सितम्बर 2026 तक जिले में 63 नशा मुक्ति शिविर लगाए गए, जिनमें 3643 लोगों की काउंसलिंग कर 802 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें से 38 लोगों ने नशा छोड़ दिया। वहीं, अप्रैल से अक्टूबर तक 915 लोगों की काउंसलिंग कर 242 को निशुल्क एनआरटी दवाएं दी गईं तथा 26 लोगों ने तंबाकू का सेवन पूरी तरह छोड़ दिया।
874 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 463 के चालान
जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ ने अप्रैल से अक्टूबर तक 874 दुकानों, होटलों, बस स्टैंड और सरकारी कार्यालयों सहित सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण किया। नियमों की अवहेलना पर 463 लोगों के चालान कर 18,648 रुपए का राजस्व प्राप्त किया गया। वैधानिक चेतावनी निर्धारित मानक से कम पाए जाने पर चार दुकानों से तंबाकू उत्पाद जब्त कर चालान न्यायालय में पेश किए गए। जिले के 109 स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं तथा 25 ग्राम पंचायतों को तंबाकू मुक्त बनाने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। टिब्बी, नोहर, रावतसर और संगरिया में प्रत्येक शुक्रवार को निशुल्क जांच एवं दवा वितरण शिविर भी लगाए जा रहे हैं। डॉ. शर्मा ने बताया कि जिला पूर्व में तंबाकू जब्ती कार्रवाई तथा तंबाकू युवा अभियान 2.0 की नारा लेखन प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर चुका है।
Comments