गौ सेवा और सनातन संस्कृति के संकल्प के साथ मनाएं दीपावली : डॉ. अतुल गुप्ता
अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयोजक ने दी दीपावली, गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं
जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयोजक डॉ. अतुल गुप्ता ने देश और दुनिया भर में रहने वाले सभी सनातन धर्मप्रेमियों को दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने इस पावन त्योहार को सुख, समृद्धि और सेवा भाव के साथ मनाने का आह्वान किया। डॉ. गुप्ता ने कहा कि दीपावली का पर्व अंधकार पर प्रकाश और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का स्थान सर्वोपरि है। दीपावली के अगले दिन होने वाली गोवर्धन पूजा सीधे तौर पर प्रकृति और गौवंश के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का त्योहार है।
डॉ. गुप्ता ने अपील की कि इस बार की दीपावली पर हम सभी अपने घरों को दीयों से रोशन करने के साथ-साथ गौशालाओं के सहयोग और बेसहारा गौवंश की सेवा का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा, "सच्ची दीपावली तभी सार्थक होगी जब समाज का हर वर्ग गौ माता के संरक्षण के लिए आगे आएगा। गौ माता की सेवा से ही राष्ट्र और विश्व में सुख-समृद्धि का वास हो सकता है।" उन्होंने सभी के उत्तम स्वास्थ्य, खुशहाली और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा के संचार की कामना करते हुए मंगलमय दीपोत्सव की बधाई दी।
लोककल्याण और राष्ट्र की समृद्धि की कामना के लिए किया यज्ञ
जयपुर। धनतेरस के अवसर पर टोंक रोड सांगानेर स्थित पिंजरापोल गौशाला परिसर के वैदिक पादप औषधि केंद्र स्थित काल भैरव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष हवन एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। अनुष्ठान में गोपालकों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यज्ञस्थल पर गूंजते वैदिक मंत्रों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयोजक डॉ. अतुल गुप्ता ने धर्मपत्नी मोनिका गुप्ता के साथ विधि-विधान से काल भैरव एवं आरोग्य के देवता भगवान धन्वंतरि का पूजन कर अनुष्ठान का शुभारंभ किया। इसके पश्चात पांच विद्वानों ने सस्वर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन संपन्न कराया। यज्ञ में बड़ी संख्या में गोपालकों और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने आहुतियां अर्पित कीं। श्रद्धालुओं ने काल भैरव की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और लोककल्याण की कामना की। हवन में विशेष हवन सामग्री एवं समिधाओं का प्रयोग किया गया।
विशिष्ट वैदिक सामग्री से दी गई आहुतियों के माध्यम से जनजीवन में धन-धान्य की संपन्नता, सुख-शांति और समृद्धि की मंगलकामना की गई। साथ ही राष्ट्र एवं प्रदेश की उन्नति, खुशहाली और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में गोसेवा से जुड़े लोगों और महिलाओं की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को सामाजिक समरसता एवं सामूहिक कल्याण का स्वरूप प्रदान किया। वैदिक परंपरा के अनुरूप संपन्न हुए इस हवन में सभी श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण, आरोग्य और जनजीवन में सुख-समृद्धि की कामना के साथ आहुतियां अर्पित कीं।
Comments