School Van Accident: आलीके-तपा रोड पर स्कूल वैन और कार की जोरदार टक्कर

देर से पहुंचे  स्कूल प्रबंधकों के खिलाफ अभिभावकों का फूटा गुस्सा

Published On

तपा, सच कहूँ/सुरेन्द्र कुमार। Tapa News: सुबह-सुबह आलीके-तपा रोड पर दशमेश पब्लिक स्कूल ढिल्लवां की विद्यार्थियों से भरी वैन और एक कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में वैन में सवार सभी स्कूली बच्चे बाल-बाल बच गए और किसी तरह के जानी नुकसान से बचाव होने पर अभिभावकों ने राहत की सांस ली। घटना की सूचना मिलते ही तपा सिटी पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई, लेकिन हादसे के बाद स्कूल प्रबंधकों के काफी देरी से पहुंचने पर अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मौके पर जमकर हंगामा किया।

विद्यार्थियों के अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधकों और वैन चालक के खिलाफ कड़ा रोष जताते हुए आरोप लगाया कि सूचना मिलने के बावजूद स्कूल के प्रिंसिपल और मालिक करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंचे, जो उनकी लापरवाही को दर्शाता है। अभिभावकों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, क्योंकि स्कूली वाहनों की हालत काफी खस्ता है और अनुभवहीन चालकों के हाथों बच्चों की जिंदगी सौंपी जा रही है। उन्होंने मांग की कि ऐसे अनुभवहीन ड्राइवरों को तुरंत बदला जाए, चालकों की जिम्मेदारी तय की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्कूल प्रबंधन जवाबदेही तय करते हुए बच्चों की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करे।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts