Theft News: पंजाब से चोरी हुई भैंसों के तार कैराना से जुड़े, आरोपी की निशानदेही पर एक भैंस बरामद

दिल्ली में पकड़े गए आरोपी को रिमांड पर लेकर कैराना पहुंची पंजाब पुलिस, कस्बे के आलकलां मोहल्ले में छापेमारी के दौरान मिली चोरी की भैंस

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। पंजाब राज्य के संगरूर जिले से चोरी हुई तीन भैंसों के मामले में पुलिस ने कैराना में बड़ी कार्रवाई की। दिल्ली में गिरफ्तार आरोपी को रिमांड पर लेकर पहुंची पंजाब पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से नगर के मोहल्ला आलकलां में छापेमारी की। इस दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी की एक भैंस बरामद कर ली गई। हालांकि, जिस व्यक्ति के यहां से भैंस बरामद हुई है, वह पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया। पंजाब पुलिस की इस कार्रवाई से पशु चोरी के मामले में कैराना का कनेक्शन एक बार फिर सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, पंजाब के जनपद संगरूर के थाना खनौरी क्षेत्र से गत तीन अक्टूबर की सुबह अज्ञात चोर पिकअप गाड़ी में तीन भैंसें चोरी कर ले गए थे। घटना के बाद पशुपालकों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया था। जांच के दौरान चोरी की भैंसों को ले जाने वाली पिकअप गाड़ी का कैराना से संबंध सामने आया था। पुलिस जांच में जानकारी मिली कि भैंसों से लदी पिकअप कैराना के जहानपुरा मार्ग पर स्थित आम जोहड़ तालाब के पास तक पहुंची थी। यहां भैंसों को उतारने के बाद वाहन वापस लौट गया था। इसके बाद पशुपालक पंजाब पुलिस के साथ कैराना पहुंचे थे। पंजाब पुलिस ने स्थानीय कोतवाली पुलिस के सहयोग से क्षेत्र में छानबीन की थी, लेकिन उस समय चोरी की भैंसों का कोई सुराग नहीं लग सका था।
-----------------------

दिल्ली में पकड़े गए आरोपी से हुआ राजफाश

बताया गया कि पशु चोरी के एक प्रकरण में दिल्ली पुलिस ने फरमान नामक आरोपी को गिरफ्तार किया था। पंजाब पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की। इसके बाद मंगलवार सुबह पंजाब के थाना खनौरी में तैनात उपनिरीक्षक गुरमेल राम पुलिस टीम के साथ आरोपी फरमान को लेकर कैराना कोतवाली पहुंचे। स्थानीय पुलिस के सहयोग से टीम ने नगर के मोहल्ला आलकलां निवासी सादिक उर्फ काला के यहां छापेमारी की। इस दौरान फरमान की निशानदेही पर चोरी की एक भैंस बरामद की गई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने पर सादिक उर्फ काला मौके पर नहीं मिला। उसके फरार होने की बात सामने आई है।

पिकअप के चालक की तलाश, दो भैंसों का सुराग बाकी

चोरी में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी के चालक की तलाश में हरियाणा के यमुनानगर में भी दबिश दी गई, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा। फिलहाल चोरी हुई तीन भैंसों में से एक की बरामदगी की जानकारी सामने आई है, जबकि शेष दो भैंसों का पता लगाने के प्रयास जारी है। उधर, कैराना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने पंजाब पुलिस द्वारा मोहल्ला आलकलां से चोरी की एक भैंस बरामद होने की पुष्टि की है। 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts