Rajasthan Housing Board News: कोचिंग हब NFSU एवं CFSL को आवंटित करेगा आरएचबी
राजस्थान आवासन मंडल का बड़ा फैसला
जयपुर (सच कहूँ न्यूज)। राजस्थान आवासन मंडल के अध्यक्ष एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता की अध्यक्षता में मंडल की 256वीं संचालक मंडल बैठक हुई। बैठक में जयपुर शहर में आधुनिक सार्वजनिक सुविधाओं के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में प्रतापनगर योजना, सांगानेर स्थित कोचिंग हब के बेहतर उपयोग को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसके तहत सेक्टर-16 स्थित कोचिंग हब के प्रशासनिक भवन के टावर संख्या 5, 7 एवं 8 को गृह विभाग, राजस्थान सरकार के माध्यम से नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) एवं केंद्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला (CFSL) के शैक्षणिक एवं संस्थागत प्रयोजनार्थ आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
इसी क्रम में कोचिंग हब के टावर संख्या-6 को R4C भवन तथा AI आधारित साइबर हेल्पलाइन 1930 कॉल सेंटर के संचालन के लिए आवंटित करने को भी स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में जयपुर शहर की स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत नगर निगम जयपुर को प्रताप नगर योजना के सेक्टर-5 में 9,128.72 वर्ग मीटर भूमि मेकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन (MTS) एवं आधुनिक गैराज के निर्माण हेतु निःशुल्क आवंटित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।
मंडल के नियमित कार्मिकों को पदोन्नति प्रदान किए जाने हेतु कार्यानुभव में शिथिलन के संबंध में कार्योत्तर स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त मंडल में गठित उद्यानिकी संवर्ग के लिए आवश्यक पदों के सृजन के प्रस्ताव को भी कार्योत्तर स्वीकृति दी गई। बैठक में आवासन आयुक्त अरविन्द पोसवाल, सचिव गोपाल सिंह, मुख्य अभियंता अमित अग्रवाल, टी.एस. मीणा उपस्थित रहे।
Comments