Bribe: 50 हजार रुपये रिश्वत लेते एसडीओ को विजिलेंस ब्यूरो ने रंगे हाथों पकड़ा

50 हजार रुपये रिश्वत लेते एसडीओ को विजिलेंस ब्यूरो ने रंगे हाथों पकड़ा

Published On

पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। Patiala News: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान माइनिंग विभाग नाभा (जिला पटियाला) में तैनात सब-डिवीजनल अधिकारी (एसडीओ) हरदीप सिंह को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वीरवार को यहाँ जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को जिला पटियाला के गांव अलीपुर अराइयां निवासी एक ठेकेदार द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि आरोपी एसडीओ हरदीप सिंह उसके ओवरलोड टिप्पर वाहनों के चालान काटने की धमकी दे रहा था और कोई कार्रवाई न करने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।

किसी भी तरह की रिश्वत देने से इनकार करते हुए शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज पटियाला से संपर्क किया। उसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने आरोपी एसडीओ हरदीप सिंह को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना पटियाला में भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जाँच जारी है।

About The Author

Related Posts