शिक्षा और रोजगार
Jaipur Bribery: सहायक उप निरीक्षक 10 हजार की रिश्वत लेते ट्रैप
केस में मदद और चालान पेश करने के बदले मांगी रिश्वत
जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा आज आरोपी सुखदेव जाट, सहायक उप निरीक्षक पुलिस, पुलिस थाना प्रतापनगर, आयुक्तालय जयपुर पूर्व को परिवादिया से 10,000 रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त करते हुए ट्रैप किया गया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो कि एसीबी चौकी एसयू प्रथम जयपुर में 11 अगस्त 2026 को परिवादिया द्वारा लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी।शिकायत में बताया गया कि पुलिस थाना प्रतापनगर में दर्ज प्रकरण में अनुसंधान अधिकारी आरोपी सहायक उप निरीक्षक सुखदेव जाट द्वारा प्रकरणों में प्रभावी पैरवी करने, मदद करने, आरोपी को गिरफ्तार करने एवं चालान प्रस्तुत करने की एवज में 10,000 रुपये की रिश्वत राशि की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी सहायक उप निरीक्षक सुखदेव जाट द्वारा परिवादिया से 10,000 रुपये की रिश्वत राशि की मांग किया जाना सत्यापित हुआ।
सत्यापन के पश्चात आज एसीबी द्वारा ट्रैप पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन में उक्त ट्रैप कार्यवाही अर्चना मीणा, उप अधीक्षक पुलिस द्वारा कार्यवाही आयोजित की गई। ट्रैप कार्यवाही के दौरान आरोपी द्वारा परिवादिया से 10,000 रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त कर अपनी पहनी हुई खाकी वर्दी की पेंट की जेब में रखी गई। एसीबी टीम द्वारा आरोपी के कब्जे से रिश्वत राशि बरामद कर ली गई। प्रथम दृष्टया आरोपी के पास परिवादिया का कार्य लंबित होना पाया गया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमाला के सुपरवीजन में आरोपी सुखदेव जाट से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा। किसी व्यक्ति के विरुद्ध एसीबी में प्रकरण ( अभियोग, प्राथमिक जांच, आदि) दर्ज होने पर , ACB से सीधे संपर्क कर अपना पक्ष/स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया जा सकता है।
प्रस्तुत स्पष्टीकरण के ACB द्वारा विस्तृत विश्लेषण के उपरांत ही अनुसंधान में निर्णय लिया जाना ACB की कार्य प्रणाली का हिस्सा है। यह जानकारी एसीबी के डर से धोखाधड़ी आदि के शिकार होने की संभावना के संदर्भ में महत्वपूर्ण है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के टोल फ्री नम्बर 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाईन नम्बर 94135-02834 पर 24X7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी सहायता करेगी।