Divyang Children Sports: खेल मैदान में दिव्यांग बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, आत्मविश्वास से जीते दिल

नवज्योति संस्थान में शतरंज, कैरम, लूडो, सांप-सीढ़ी और साइन लैंग्वेज प्रतियोगिताएं आयोजित

Published On

Divyang Children Sports: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। महात्मा गांधी जयंती के उपलक्ष्य में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से मनाए जा रहे समाज कल्याण सप्ताह के तहत रविवार को जंक्शन स्थित नवज्योति विकलांग कल्याण एवं पुनर्वास संस्थान में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को खेल गतिविधियों से जोड़कर उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा उनमें आत्मविश्वास की भावना विकसित करना रहा। प्रतियोगिताओं में संस्थान के बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा, एकाग्रता और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में बच्चों के बीच शतरंज, कैरम बोर्ड, लूडो, सांप-सीढ़ी एवं साइन लैंग्वेज प्रतियोगिताएं करवाई गईं। शतरंज और कैरम में बच्चों ने रणनीतिक सोच एवं एकाग्रता का परिचय दिया, वहीं लूडो और सांप-सीढ़ी में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। साइन लैंग्वेज प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी संचार क्षमता एवं रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित की। प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित होने के बाद प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक विक्रम सिंह ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद गतिविधियां बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और आत्मविश्वास बढ़ता है। संस्था के संचालक भीष्म कौशिक ने कहा कि नवज्योति संस्थान की ओर से दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। प्रतियोगिताओं में रेफरी की भूमिका राहुल सैन एवं वेद प्रकाश ने निभाई। इस दौरान सचिव ललित सोनी, प्राचार्य बलवंत सिंह, कार्यालय अधीक्षक विकास कुमार, विशेष शिक्षक बिपिन कुमार, सुनील सैन, संदीप कुमार तथा साइन लैंग्वेज एक्सपर्ट रामकृष्ण सहित संस्था के स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

About The Author

Related Posts