IHGF Delhi Fair Autumn: दिल्ली मेले में भारतीय हुनर का जलवा, 3600 करोड़ का कारोबार, बड़ी सफलता
मेले में प्रदर्शित भारतीय हुनर से तराशे गए उत्पादों को विदेशी खरीदारों ने खूब सराहा
ग्रेटर नोएडा, सच कहूँ न्यूज़। Greater Noida News: भारत के हस्तशिल्प और लाइफस्टाइल उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने वाले 62 वें आईएचजीएफ दिल्ली फेयर–ऑटम 2026 का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हो गया। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 13 से 17 अक्टूबर तक आयोजित इस पांच दिवसीय मेले में 105 देशों के खरीदार पहुंचे। आयोजकों के अनुसार, मेले के दौरान ऑर्डर बुकिंग और व्यावसायिक पूछताछ का कुल आंकड़ा करीब 3,600 करोड़ रुपये रहा। अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और देशभर के निर्यातकों की भागीदारी ने भारतीय उत्पादों की वैश्विक मांग को नई गति दी।
12 श्रेणियों को अजय शंकर मेमोरियल अवॉर्ड से नवाजा
समापन समारोह में सर्वश्रेष्ठ स्टैंड डिजाइन और डिस्प्ले के लिए 12 श्रेणियों में अजय शंकर मेमोरियल अवॉर्ड प्रदान किए गए। कार्यक्रम में हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच) के अध्यक्ष डॉ. नीरज खन्ना, ईपीसीएच के महानिदेशक एवं आईईएमएल अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार, उपाध्यक्ष सागर मेहता, स्वागत समिति के पदाधिकारी, प्रमुख विदेशी खरीदार, भारतीय बाइंग एजेंट और निर्यातक मौजूद रहे। मेले में 17 समर्पित हॉलों में 3,000 से अधिक प्रदर्शकों ने होम, लाइफस्टाइल, फैशन, फर्निशिंग, फर्नीचर, गिफ्ट और इंटीरियर उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की। इसके अलावा इंडिया एक्सपो सेंटर के विभिन्न स्तरों पर स्थित 900 स्थायी मार्ट और शोरूम में भी खरीदारों को उत्पादों की सोर्सिंग का अवसर मिला।
खरीदारों ने स्थानीय उत्पादों में दिखाई रुचि:डॉ नीरज खन्ना
ईपीसीएच अध्यक्ष डॉ. नीरज खन्ना ने मेले की सफलता पर संतोष जताते हुए कहा कि इस संस्करण में प्रदर्शकों ने उत्पादों की विविधता और प्रस्तुति के स्तर को बेहतर बनाया। खरीदारों ने क्षेत्रीय विशेषताओं वाले उत्पादों और कारीगर-उद्यमियों के काम में रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि मार्च 2027 में आयोजित होने वाले अगले संस्करण को और बेहतर बनाने की तैयारी की जाएगी। मेले में प्रदर्शित कौशल विकास और डिजाइन आधारित पहलों से तैयार उत्पादों को भी विदेशी खरीदारों ने सराहा। मेले में हुई कारोबारी गतिविधियों और नए संपर्कों से भारतीय हस्तशिल्प निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाने का अवसर मिला। प्रतिभागी नई व्यावसायिक संभावनाओं, अनुभवों और आगामी स्प्रिंग 2027 संस्करण में फिर मिलने की उम्मीद के साथ लौटे।
फेयर में इन स्टैंड डिजाइन का रहा जलवा,मुरादाबाद से जयपुर तक निर्यातक अवॉर्ड विजेता
लैंप, लाइटिंग और एक्सेसरीज: गोल्ड—मल्होत्रा हैंडीक्राफ्ट्स, मुरादाबाद; सिल्वर—एसोसिएटेड लाइटिंग कंपनी, गौतम बुद्ध नगर; ब्रॉन्ज—मेटल स्मिथ, मुरादाबाद।
कैंडल, अगरबत्ती और एरोमैटिक उत्पाद: गोल्ड—सरोमा लाइफस्टाइल स्टूडियो, मुंबई; सिल्वर—सारथी इंटरनेशनल इंक., बेंगलुरु; ब्रॉन्ज—माथुर इंडस्ट्रियल कॉर्पोरेशन, नई दिल्ली।
बाथरूम एक्सेसरीज: गोल्ड—डिजाइन इंडिया, मुरादाबाद।
हैंडमेड पेपर, गिफ्ट रैप्स और रिबन्स: गोल्ड—सीत कमल प्राइवेट लिमिटेड, जयपुर; सिल्वर—प्रिज्मा, मुरादाबाद; ब्रॉन्ज—एएस इंटरनेशनल, नोएडा।
होम टेक्सटाइल, फर्निशिंग और फ्लोर कवरिंग: गोल्ड—एवीए हैंडफैब, मेरठ; सिल्वर—ऑब्जेक्ट डी आर्ट इंडिया, मुरादाबाद; ब्रॉन्ज—गोयल टेक्सटाइल्स, जयपुर। सांत्वना पुरस्कार—रिधि, जयपुर और द रग मंत्रा, मेरठ।
बैग, स्कार्फ, टाई और एक्सेसरीज: गोल्ड—वेवा फैशन, जयपुर; सिल्वर—चर्चिट एक्सपोर्ट्स, नई दिल्ली; सिल्वर-2—सुपरसोनिक मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड, नई दिल्ली; ब्रॉन्ज—अशोका इंटरनेशनल, कोलकाता।
फैशन ज्वेलरी और एक्सेसरीज: गोल्ड—केनवे सरताज, मुरादाबाद; सिल्वर—रामकृष्ण परमहंस एंड कंपनी, नरसापुर, आंध्र प्रदेश; ब्रॉन्ज—शक्ति एक्जिम, जयपुर। इन पुरस्कारों के माध्यम से प्रदर्शकों के रचनात्मक स्टैंड डिजाइन, आकर्षक उत्पाद प्रस्तुति और उत्कृष्ट डिस्प्ले को पहचान दी गई।