UP MLC Election: बागपत में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ एमएलसी चुनाव का मतदान
शिक्षक वर्ग में 57.83 और स्नातक में 45.68 प्रतिशत वोटिंग
बागपत, सच कहूँ/संदीप दहिया। Baghpat News: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद बागपत में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिले के सात मतदान केंद्रों पर बनाए गए 21 मतदेय स्थलों पर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान संपन्न होने के बाद मतदान कार्मिकों, पीठासीन अधिकारियों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतपेटियां कलेक्ट्रेट स्थित लोकमंच पर अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव कुमार राय तथा अपर जिलाधिकारी न्यायिक देवेंद्र कुमार पांडे को जमा कराईं। मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मेरठ पहुंचाया जाएगा। निर्वाचन संबंधी आवश्यक अभिलेख और अन्य सामग्री भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत जमा कराई गई।
शिक्षक वर्ग में अधिक मतदान
शाम चार बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 57.83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 45.68 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शिक्षक वर्ग में कुल 3,735 मतदाताओं में से 2,160 ने मतदान किया। इनमें 1,220 पुरुष और 940 महिलाएं शामिल रहीं। वहीं स्नातक वर्ग में कुल 3,982 मतदाताओं में से 1,819 मतदाताओं ने वोट डाले। इनमें 1,278 पुरुष और 541 महिलाएं शामिल रहीं। आंकड़ों के अनुसार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान प्रतिशत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अधिक रहा।
सात केंद्रों पर हुई मतदान की व्यवस्था
जनपद में मतदान के लिए विकास खंड कार्यालय बड़ौत, विकास खंड कार्यालय छपरौली, विकास खंड कार्यालय बिनौली, विकास खंड कार्यालय बागपत, विकास खंड कार्यालय पिलाना, विकास खंड कार्यालय छिकारा तथा नगर पालिका परिषद बड़ौत में मतदान केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर कुल 21 मतदेय स्थलों के माध्यम से मतदान कराया गया।
प्रशासन ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल के निर्देशन में निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को सुरक्षित जमा कराने की कार्रवाई भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरी कर ली गई। इस प्रकार जनपद बागपत में विधान परिषद के खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
डीएम दिव्यांशु पटेल और एसपी पूर्णेंदु सिंह ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था की कमान
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल तथा पुलिस अधीक्षक पूर्णेंदु सिंह ने विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी निर्वाचन के दौरान जिले के सातों मतदान केंद्रों और 21 मतदेय स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था एवं मतदान संबंधी प्रबंधों की निगरानी की। दोनों अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने में कोई परेशानी नहीं आनी चाहिए। प्रशासन एवं पुलिस विभाग की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की गई, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।