एमएलसी स्नातक-शिक्षक के लिए 69.89 फीसदी मतदान, कड़ा रहा सुरक्षा का पहरा
एसडीएम कैराना शिवाजी यादव और सीओ हेमंत कुमार ने मतदान केंद्र पर पहुंचकर किया निरीक्षण, सुबह आठ से शाम चार बजे तक चला मतदान
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: मेरठ खंड के स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी पद के निर्वाचन हेतु शुक्रवार को कैराना में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। इस दौरान कुल 69.89 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। सुबह आठ बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम चार बजे तक चली। इस दौरान मतदान केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। एसडीएम शिवाजी यादव और सीओ हेमंत कुमार ने मतदान स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शुक्रवार को कस्बे के मुख्य मार्ग पर स्थित ब्लॉक प्रांगण में मेरठ खण्ड के स्नातक-शिक्षक पद के प्रत्याशियों के लिए प्रातः आठ बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। ब्लॉक प्रांगण में तीन अलग-अलग कमरों को मतदेय स्थल बनाया गया था।
तीनों बूथों पर कुल 877 मतदाताओं के लिए मतदान की व्यवस्था की गई थी। मतदान के दौरान सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। एसडीएम शिवाजी यादव एवं सीओ हेमंत कुमार ने मतदान केंद्र पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए। इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार भी पुलिस बल के साथ मतदान स्थल पर मौजूद रहे। शाम को मतदान संपन्न होने के बाद एसडीएम शिवाजी यादव ने बताया कि स्नातक-शिक्षक एमएलसी पद के लिए कैराना में कुल 69.89 प्रतिशत मतदान हुआ है।