कल शनिवार को मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष शिविर, नए वोट बनवाने का मिलेगा मौका
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेंगे कैंप, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और गलतियों में सुधार कराने की मिलेगी सुविधा
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन की ओर से शनिवार, 24 अक्टूबर को कैराना विधानसभा के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तथा पहले से दर्ज विवरणों में संशोधन और सुधार का काम किया जाएगा। तहसीलदार अर्जुन चौहान ने बताया कि इन विशेष शिविरों में ऐसे युवाओं से आवेदन लिए जाएंगे, जिनकी आयु 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और वह पहली बार मतदाता बनने के पात्र हैं। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम, पता और अन्य विवरणों में किसी भी तरह की गलती को ठीक कराने के लिए भी आवेदन किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
प्रशासन की ओर से मतदाता सूची को दुरुस्त करने और अधिक से अधिक पात्र लोगों को चुनावी प्रक्रिया से जोड़ने के लिए यह पहल की जा रही है। बताया कि इससे पहले 17 अक्टूबर 2026 को भी विधानसभा के विभिन्न मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए गए थे। इसी क्रम में अब 24 अक्टूबर, शनिवार को एक बार फिर कैराना विधानसभा के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। ये शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेंगे। इस दौरान नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने, नया वोटर आईडी कार्ड बनवाने और मौजूदा मतदाता विवरणों में संशोधन कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। तहसीलदार ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इन विशेष शिविरों का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपने नाम तथा अन्य विवरणों की जांच अवश्य कर लें, ताकि आगामी चुनावों में मतदान करने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।