शिक्षा और रोजगार
Kairana Road Accident: कैराना में तेज रफ्तार स्कॉर्पियों डिवाइडर से टकराकर पलटी, दो की मौत, दो गम्भीर
मृतकों में कंबल फैक्ट्री का संचालक भी शामिल, पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana Road Accident: कस्बे के नेशनल हाईवे-709एडी पर घटित भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियों सवार कंबल फैक्ट्री के मालिक समेत दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में सवार पांचवां युवक चमत्कारिक ढंग से सुरक्षित बच गया। पुलिस ने मृतक युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। हादसे में युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। बुधवार को हरियाणा के पांच युवक स्कॉर्पियों में सवार होकर पानीपत से हरिद्वार जा रहे थे।
दोपहर करीब बारह बजे जैसे ही वह कैराना कस्बे के राष्ट्रीय राजमार्ग-709एड़ी पर पानीपत बाईपास पर स्थित अंडरपास के ऊपर पहुंचे, तभी उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाइवे के बीच में बने डिवाइडर से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार कार डिवाइडर पर चढ़ गई और करीब सौ मीटर तक चलती रही। इसके बाद, कार का अगला पहिया क्षतिग्रस्त होकर टूट गया, जिससे गाड़ी कई बार पलटते हुए हाईवे पर दूसरी ओर पहुंच गई। हादसे में स्कॉर्पियों सवार संदीप(45) निवासी ग्राम शहरमालपुर, अंकित(30) व मेजर निवासीगण ग्राम रसलापुर तथा आतेश निवासी ग्राम संजोली जनपद पानीपत हरियाणा गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार, इमामगेट चौकी प्रभारी एसआई जितेंद्र त्यागी व सीसी टीम प्रभारी एसआई दुर्गपाल सिंह पुलिस टीम के साथ में मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने राहगीरों की सहायता से हादसे में घायल युवकों को एम्बुलेंस-108 के द्वारा उपचार के लिए कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया। जहां पर गम्भीर रूप से घायल संदीप व अंकित को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में मौत का शिकार हुए संदीप की पानीपत में कंबल फैक्ट्री है। दुर्घटना के वक्त वह स्वयं ही गाड़ी ड्राइव कर रहा था। दूसरा मृतक अंकित दो बहनों का इकलौता भाई बताया गया है। कार में सवार पांचवां युवक साबिर निवासी ग्राम रसलापुर सुरक्षित बच गया। मृतकों के अलावा कार में सवार तीनों युवक पानीपत में स्थित एक कंपनी में काम करते है। हादसे की सूचना पर रोते-बिलखते परिजन कैराना पहुंचे। उनका रो-रोकर बुरा हाल था। हादसे में युवकों की मौत से परिजनों में हाहाकार मचा है।
एयरबैग नहीं खुलने की बात आई सामने, जांच में स्पष्ट होगी वजह
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के दौरान गाड़ी के एयरबैग नहीं खुले। कार सवार युवकों के सीट बेल्ट भी नहीं लगाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, एयरबैग नहीं खुलने का वास्तविक कारण और सवारों द्वारा सीट बेल्ट पहने जाने की स्थिति तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि सड़क हादसे के शिकार दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट नही है। जांच के पश्चात ही हादसे की तस्वीर स्पष्ट हो पाएगी।