Kairana Rain News: कैराना में तेज बारिश से सड़कों-गलियों में जलभराव, आवागमन में परेशानी
मकानों के आसपास खाली पड़े प्लॉटों में पानी भरने से नींव को खतरे की आशंका
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: अचानक बदले मौसम के मिजाज के बाद हुई तेज बारिश से मुख्य बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भारी जलभराव हो गया। कई स्थानों पर सड़कें व गलियां नालों जैसी दिखाई देने लगीं। वहीं, कूड़े-करकट से अटे नाले ओवरफ्लो होने से मकानों के आसपास खाली प्लॉटों में पानी भर गया। इससे व्यापारियों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
गुरुवार सुबह करीब आठ बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण नगर के चौक बाजार, ईदगाह मार्ग, घोसा चुंगी और खुरगान मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर कई फीट तक पानी जमा हो गया। मुख्य बाजार के रास्ते नालों में तब्दील नजर आए। सड़कों पर जलभराव के चलते व्यापारियों, राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी दिक्कतें उठानी पड़ी।
खाली प्लॉटों में जलभराव से मकानों की नींव को खतरे की आशंका
कस्बे के पानीपत नेशनल हाईवे अंडरपास के निकट पंजीठ मार्ग पर नगर पालिका का नाला ओवरफ्लो होने से मकानों के आसपास स्थित खाली प्लॉटों में पानी भर गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी जमा हो रहा है। इससे मकानों की नींव कमजोर होने और भवनों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। वहीं, लगातार बारिश होने की स्थिति में पानी घरों के भीतर घुसने का भी खतरा जताया जा रहा है।
स्थानीय निवासी शाहनवाज, शमशाद, साजिद, यासीन, फाजिल, शकील, रहीश, सालिम, शब्बीर, गुल्लू, जनाब, मेनाब, शाकिब, यामीन और महबूब सहित अन्य लोगों ने पालिका प्रशासन से नाले की जलनिकासी दुरुस्त कराने और खाली प्लॉटों में जमा पानी निकलवाने की मांग की है। फिलहाल बारिश के बाद नगर के प्रमुख मार्गों पर जलभराव और मकानों के आसपास खाली प्लॉटों में जमा पानी ने नगरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करना नगर पालिका प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
धान व सब्जी की फसलों में भरा पानी, नुकसान की आशंका
गुरुवार सुबह शुरू हुई बारिश से तापमान में भारी गिरावट आई है और लोगों ने राहत महसूस की है। वहीं दूसरी ओर बारिश के कारण क्षेत्र में किसानों की धान व सब्जी की फसल को भी नुकसान हुआ है। किसानों के खेतों में खड़ी धान की फसल जमीन पर गिर गई है, जिससे वह चिंतित नजर आ रहे हैं। खेतों में बारिश का पानी भरने से सब्जी की फसल को भी नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को सड़कों पर हुए जलभराव से होकर गुजरना पड़ रहा है। इसके अलावा, इक्का-दुक्का स्थानों पर विद्युत आपूर्ति के प्रभावित होने की भी सूचना है।